बाढ़ की स्थिति का आकलन करने बिहार आएगा केंद्रीय दल: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

बाढ़ की स्थिति का आकलन करने बिहार आएगा केंद्रीय दल: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

बाढ़ की स्थिति का आकलन करने बिहार आएगा केंद्रीय दल: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
Modified Date: September 14, 2026 / 10:54 pm IST
Published Date: September 14, 2026 10:54 pm IST

पटना, 14 सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में एक केंद्रीय दल बिहार में बाढ़ की स्थिति और उससे हुई क्षति का आकलन करने के लिए राज्य का दौरा करेगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

हालांकि, चौधरी ने यह नहीं बताया कि केंद्रीय दल राज्य में कब पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार सरकार राज्य की बाढ़ समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने नदियों के संरक्षण, बेहतर जल प्रबंधन तथा दीर्घकालिक बाढ़ नियंत्रण उपायों की आवश्यकता पर जोर दिया।

राज्य में बाढ़ से अब तक 15 जिलों के लगभग 49.67 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। प्रभावित जिलों में पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा और अररिया शामिल हैं।

बाढ़ को लेकर राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार को केंद्र सरकार पर बाढ़ राहत के मामले में बिहार के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि गुजरात में मामूली बाढ़ आने पर भी उदार सहायता दी जाती है, जबकि बिहार में 50 से अधिक लोगों की मौत, पशुधन की क्षति, हजारों करोड़ रुपये का नुकसान और लगभग 45 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित होने के बावजूद न तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और न ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किसी राहत पैकेज की घोषणा की है।

भाषा कैलाश गोला

गोला


लेखक के बारे में