पटना में स्कूल से घर लौटते समय दसवीं की छात्रा लापता, रेलवे ट्रैक के पास मिले बस्ता व स्कूल ड्रेस
पटना में स्कूल से घर लौटते समय दसवीं की छात्रा लापता, रेलवे ट्रैक के पास मिले बस्ता व स्कूल ड्रेस
पटना, 11 अगस्त (भाषा) बिहार की राजधानी पटना में स्कूल से घर लौटते समय कक्षा दसवीं की एक छात्रा लापता हो गई और उसकी स्कूल ड्रेस व बस्ता रेलवे लाइन के पास मिले हैं। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पटना के खगौल क्षेत्र स्थित केंद्रीय विद्यालय में पढ़ने वाली छात्रा को सोमवार को स्कूल की छुट्टी के बाद उसकी एक सहेली के साथ देखा गया था।
उन्होंने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से भी इसकी पुष्टि हुई है।
दानापुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अजीत कुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमें सूचना मिली कि रेलवे लाइन पर एक लड़की की स्कूल ड्रेस और बस्ता पड़ा हुआ है। इसके बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने वहां यातायात जाम कर दिया, जिसे पुलिस ने हटवाया।’’
उन्होंने बताया कि छात्रा की तलाश में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की भी मदद ली जा रही है।
कुमार ने बताया कि पुलिस मोबाइल फोन नंबर और कॉल विवरण रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच कर रही है। इसके साथ ही किसी संदिग्ध या बाहरी नंबर की भी पड़ताल की जा रही है।
उन्होंने कहा कि छात्रा की तलाश के लिए घटनास्थल पर श्वान दस्ते को भी लगाया गया है।
एसडीपीओ ने कहा, ‘‘हम सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रहे हैं।’’
भाषा कैलाश खारी
खारी

Facebook


