बिहार के महाविद्यालयों में रात आठ बजे तक कक्षाएं संचालित हों : मुख्यमंत्री सम्राट

बिहार के महाविद्यालयों में रात आठ बजे तक कक्षाएं संचालित हों : मुख्यमंत्री सम्राट

बिहार के महाविद्यालयों में रात आठ बजे तक कक्षाएं संचालित हों : मुख्यमंत्री सम्राट
Modified Date: June 19, 2026 / 12:35 am IST
Published Date: June 19, 2026 12:35 am IST

पटना, 18 जून (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य के सभी कॉलेजों में रात आठ बजे तक कक्षाएं चलाने पर विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

चौधरी ने यह बात पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय से संबद्ध एएन कॉलेज के स्थापना दिवस समारोह में कही। यह कॉलेज बिहार के प्रथम उपमुख्यमंत्री रहे दिवंगत अनुग्रह नारायण सिंह के नाम पर है, जिनकी जयंती भी बृहस्पतिवार को थी।

कॉलेज की प्राचार्य रत्ना अमृत की ओर इशारा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैंने अभी उनसे पूछा कि आपके संस्थान में कक्षाएं कितने बजे तक चलती हैं। उन्होंने बताया कि दोपहर दो बजे के बाद परिसर लगभग खाली हो जाता है। मुझे इसमें एक अवसर दिखाई देता है। मेरा कहना है कि कक्षाएं रात आठ बजे तक चलनी चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कृपया यह न समझें कि मैं केवल भाषण दे रहा हूं। हम ऐसा ढांचा तैयार करना चाहते हैं जिससे यह संभव हो सके। हमारे बच्चे उच्च शिक्षा के लिए पंजाब और महाराष्ट्र जैसे दूर-दराज के राज्यों में जाते हैं। हमें अपनी उच्च शिक्षा व्यवस्था को इतना मजबूत बनाना होगा कि उनकी जरूरतें बिहार में ही पूरी हो सकें।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि 13 करोड़ की आबादी वाले बिहार के लिए मौजूदा शैक्षणिक ढांचा पर्याप्त नहीं है, लेकिन जुलाई से इसमें बदलाव दिखाई देने लगेंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 200 से अधिक नए कॉलेज स्थापित कर रही है। इसके अलावा मुक्त विश्वविद्यालयों और डीम्ड विश्वविद्यालयों की स्थापना की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

भाषा कैलाश

शफीक

शफीक


लेखक के बारे में