खगड़िया में 50 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

Ads

खगड़िया में 50 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 26, 2026 / 09:50 AM IST,
    Updated On - May 26, 2026 / 09:50 AM IST

खगड़िया, 26 मई (भाषा) बिहार के खगड़िया जिले में 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश बुद्दीन मियां को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार मुठभेड़ के दौरान आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया और उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, मियां, जिले के 10 कुख्यात अपराधियों की सूची में शामिल है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) राकेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार देर रात करीब दो बजे बेलदौर थाना क्षेत्र की दिघौन पंचायत के सुखायबासा गांव में कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष कार्य बल (एसटीएफ), जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) और बेलदौर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी की लेकिन पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही वह कथित तौर पर गोलीबारी करते हुए भागने लगा।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि दिघौन गांव का निवासी बुद्दीन मियां के खिलाफ बेलदौर थाने में 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

एसपी के अनुसार, पुलिस अब सहरसा और मधेपुरा जिलों के विभिन्न थानों से उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

भाषा सं कैलाश

वैभव खारी

खारी