सारण (बिहार), 21 मार्च (भाषा) बिहार के सारण जिले में एक लड़की से बलात्कार और हत्या के आरोप में पांच युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
बताया जा रहा है कि लड़की का आरोपियों में से एक के साथ प्रेम संबंध था।
यह घटना जिले के डेरनी थाना क्षेत्र में हुई।
पुलिस ने एक बयान में कहा,‘‘11 मार्च को शाम करीब पौने पांच बजे डेरनी के थाना प्रभारी (एसएचओ) को सूचना मिली कि एक नाबालिग लड़की अपने घर से पांच मीटर दूर एक कुएं में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पायी गई है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तब उसने देखा कि उसके परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने शव को कुएं से बाहर निकाल कर पास में ही रख दिया था।’’
पुलिस ने बताया कि लड़की की मां द्वारा 12 मार्च को दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और बाल यौन अपराध संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत पांच युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने उसी गांव के मुख्य आरोपी युवराज कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि युवराज ने ‘‘घटनास्थल पर अपनी उपस्थिति स्वीकार की’’ और कहा कि वह एवं लड़की सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ के माध्यम से संवाद करते थे।
पुलिस के बयान में कहा गया है कि घटना वाले दिन, ‘‘घटनास्थल से लगभग 30 फीट की दूरी पर रहने वाली एक महिला ने बताया कि लड़की की मां ने उसे फोन करके पूछा था कि क्या उसकी बेटी वहां है। आसपास देखने के बाद उसने (लड़की की) मां को बताया कि लड़की वहीं है इसके बाद, मां और बहन मौके पर पहुंचीं जहां युवराज और उसकी बेटी मौजूद थे।’’
बयान के अनुसार कुछ ही देर बाद, अन्य ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए जिसके बाद आरोपी को पकड़ लिया गया, लेकिन वह अफरा-तफरी में भागने में कामयाब रहा। बयान के मुताबिक इसके बाद ‘‘यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि लड़की कुएं में कैसे गिरी।’’
पंद्रह मार्च को सारण पुलिस द्वारा जारी किये गये एक बयान के अनुसार, प्रारंभिक पोस्टमार्टम में शव पर ‘‘कोई बाहरी चोट’’ नहीं पाई गई और मृत्यु का कारण ‘‘डूबने से दम घुटना’’ बताया गया।
भाषा
शुभम राजकुमार
राजकुमार