सर शिवसागर रामगुलाम की 125वीं जयंती पर उन्हें पटना में अर्पित की गई पुष्पांजलि

सर शिवसागर रामगुलाम की 125वीं जयंती पर उन्हें पटना में अर्पित की गई पुष्पांजलि

सर शिवसागर रामगुलाम की 125वीं जयंती पर उन्हें पटना में अर्पित की गई पुष्पांजलि
Modified Date: March 30, 2026 / 06:33 pm IST
Published Date: March 30, 2026 6:33 pm IST

पटना, 30 मार्च (भाषा) बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भारतीय जनता दल (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सोमवार को मॉरीशस के राष्ट्रपिता सर शिवसागर रामगुलाम की 125वीं जयंती के अवसर पर पटना में उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

चौधरी ने गांधी मैदान स्थित रामगुलाम चौक पर अंतरराष्ट्रीय सहयोग परिषद द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया और वहां स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

सर शिवसागर रामगुलाम को आधुनिक मॉरीशस का शिल्पकार माना जाता है। उन्होंने 1968 में देश को स्वतंत्रता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और स्वतंत्र मॉरीशस के पहले प्रधानमंत्री बने।

चौधरी ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, ‘‘रामगुलाम जी की पैतृक जड़ें बिहार से जुड़ी थीं, जिसका उल्लेख वे अपने जीवनकाल में अक्सर करते थे। बिहार की धरती से प्रेरित उनका जीवन त्याग, सेवा और लोककल्याण के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है।’’

उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ऐसे महान व्यक्तित्वों के आदर्श हमें समाज और राष्ट्र के विकास के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।’’

वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, ‘‘बिहार की मिट्टी से जुड़े रामगुलाम जी केवल मॉरीशस के राष्ट्रपिता ही नहीं थे, बल्कि वे उस विचारधारा के प्रतीक थे, जिसने स्वतंत्रता, स्वाभिमान और वैश्विक भारतीय पहचान को नयी दिशा दी।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा मॉरीशस के राष्ट्रपिता शिवसागर रामगुलाम की 125वीं जयंती के अवसर पर जयंती वर्ष मना रही है।

सरावगी ने कहा कि मॉरीशस की आजादी में उनका योगदान इतिहास के स्वर्णिम अध्याय में अंकित है, वह केवल मॉरीशस के राष्ट्रपिता ही नहीं, बल्कि भारत और मॉरीशस के बीच अटूट सेतु के संस्थापक भी थे।

भाषा

कैलाश रवि कांत


लेखक के बारे में