पिछले 12 वर्षों में देश में खाद्यान्न उत्पादन 71 प्रतिशत बढ़ा : शिवराज सिंह चौहान
पिछले 12 वर्षों में देश में खाद्यान्न उत्पादन 71 प्रतिशत बढ़ा : शिवराज सिंह चौहान
पटना, 17 जून (भाषा) केंद्रीय ग्रामीण विकास तथा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में खाद्यान्न उत्पादन में 71 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
पटना में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के हितों की रक्षा तथा खाद्यान्न उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से अनेक कृषि सुधार और नीतियां लागू की गई हैं।
चौहान ने कहा, ‘‘पिछले 12 वर्षों में देश में खाद्यान्न उत्पादन में 71 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। सरकार का ध्यान लगातार जन-आकांक्षाओं को पूरा करने पर केंद्रित रहा है। आदरणीय मोदी जी का यह 12 वर्षीय कार्यकाल भारत के पुनर्निर्माण और जन-आकांक्षाओं की पूर्ति का स्वर्णिम काल है।’’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार का मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास’ ने गांवों, गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के जीवन में व्यापक बदलाव लाया है।
चौहान ने कहा, ‘‘हमारे प्रधानमंत्री ने जन-धन खातों से लेकर आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना से लेकर डिजिटल इंडिया क्रांति तक विकास और जनकल्याण की नई गाथा लिखी है। मोदी जी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है।’’
उन्होंने बताया कि ‘विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण)’ (वीबी-जीआरएएमजी) को इस वर्ष एक जुलाई से देशभर में लागू किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत लंबित सभी भुगतानों का निपटारा 30 जून से पहले कर दिया जाएगा।
इससे पहले शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश में ‘‘राष्ट्रीय स्वाभिमान जगाने’’ और ‘‘ब्रिटिश उपनिवेशवाद की मानसिक गुलामी’’ से मुक्ति दिलाने का श्रेय देते हुए दावा किया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के दौर में ऐसी मानसिकता हावी थी।
बिहार दौरे पर आए चौहान ने राज्य की राजधानी पटना में मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘‘प्रबुद्ध जन सम्मेलन’’ को संबोधित किया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘हमारी सभ्यता पांच हजार वर्ष पुरानी है। वेदों के मंत्र उस समय रचे गए थे, जब दुनिया के तथाकथित विकसित राष्ट्र अस्तित्व में भी नहीं आए थे।’’
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि समय के साथ देश में ‘‘ब्रिटिश उपनिवेशवादियों की मानसिक गुलामी’’ हावी हो गई थी और कांग्रेस शासन के दौरान यह प्रवृत्ति अधिक स्पष्ट रूप से दिखाई देती थी।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के शासनकाल में जिस सड़क पर प्रधानमंत्री का आवास स्थित है, उसका नाम ‘रेस कोर्स रोड’ था। क्या सड़कों पर घोड़े दौड़ते हैं? इसका क्या अर्थ था? प्रधानमंत्री मोदी ने इसका नाम बदलकर ‘लोक कल्याण मार्ग’ कर दिया।’’
चौहान ने कहा, ‘‘मोदी के नेतृत्व में ‘मुगल गार्डन्स’ का नाम बदलकर ‘अमृत उद्यान’ किया गया। संसद को औपनिवेशिक दौर की पुरानी इमारत से नए भवन में स्थानांतरित किया गया। मोदी के सत्ता में आने के बाद ही इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थापित की गई। इन सभी कदमों ने देश के स्वाभिमान को जागृत किया है।’’
केंद्रीय मंत्री ने यह भी दावा किया कि मोदी के नेतृत्व में ‘‘देशभर में विकास की गंगा बह रही है’’।
उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि रेलवे का शत-प्रतिशत विद्युतीकरण, वंदे भारत ट्रेनों का संचालन, अटल सुरंग का निर्माण तथा राष्ट्रीय राजमार्गों, सड़कों और पुलों का व्यापक नेटवर्क इसी विकास यात्रा के उदाहरण हैं।
भाषा कैलाश
संतोष
संतोष

Facebook


