पूर्व मुख्यमंत्री लालू-राबड़ी को नियमों के अनुरूप पूरी सुरक्षा उपलब्ध : बिहार पुलिस
पूर्व मुख्यमंत्री लालू-राबड़ी को नियमों के अनुरूप पूरी सुरक्षा उपलब्ध : बिहार पुलिस
पटना, 18 जून (भाषा) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे विवाद के बीच बिहार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उन्हें और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूर्ण सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।
यह मामला उस समय चर्चा में आया जब लालू प्रसाद ने बुधवार को आरोप लगाया था कि उनकी सुरक्षा श्रेणी घटा दी गई है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जिम्मेदार ठहराया था।
इन आरोपों के बाद बिहार पुलिस ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी एक स्पष्टीकरण में कहा कि लालू प्रसाद और राबड़ी देवी की सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं की गई है तथा उन्हें निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सुरक्षा प्रदान की जा रही है।
पुलिस ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नियमों और कानूनी प्रावधानों के अनुरूप संचालित होती है। किसी भी व्यक्ति को सुरक्षा उपलब्ध कराने का आधार उसकी पात्रता और सुरक्षा संबंधी मूल्यांकन होता है। इसी प्रक्रिया के तहत दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों को सुरक्षा प्रदान की जा रही है।
बिहार पुलिस के अनुसार, विशेष सुरक्षा दल (एसएसजी) अधिनियम, 2010 के तहत लालू प्रसाद को अंगरक्षक, आवास गार्ड, एस्कॉर्ट गार्ड, पायलट वाहन और बीआर कार की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा उनकी सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखने के लिए सादे लिबास में विशेष शाखा के सुरक्षाकर्मियों की भी तैनाती की गई है।
पुलिस ने राबड़ी देवी की सुरक्षा व्यवस्था का विवरण साझा करते हुए कहा कि उन्हें भी अंगरक्षक, आवास गार्ड, एस्कॉर्ट गार्ड, पायलट वाहन और बीआर कार उपलब्ध कराई गई है। साथ ही सुरक्षा से संबंधित अन्य आवश्यक प्रबंध भी किए गए हैं।
पुलिस ने कहा कि दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों को उनकी पात्रता के अनुरूप पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की जा रही है और उस में किसी प्रकार की कटौती नहीं की गई है।
भाषा कैलाश
मनीषा
मनीषा

Facebook


