सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस से दम घुटने पर परिवार के चार लोगों की मौत

Ads

सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस से दम घुटने पर परिवार के चार लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - March 4, 2026 / 06:59 PM IST,
    Updated On - March 4, 2026 / 06:59 PM IST

सीतामढ़ी, चार मार्च (भाषा) बिहार के सीतामढ़ी जिले में घर के सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान कथित तौर पर जहरीली गैस के संपर्क में आने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

यह घटना मंगलवार शाम करीब छह बजे बोखरा थाना क्षेत्र के कुरहर गांव में हुई।

मृतकों की पहचान राजीव सहनी (40), रमेश सहनी (30), नीरज सहनी (26) और राजीव सहनी के 12 वर्षीय बेटे कृष्ण कुमार के रूप में हुई है।

बोखरा थाना के प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘ग्रामीणों के अनुसार सेप्टिक टैंक से निकलने वाली जहरीली गैस के कारण चारों लोग बेहोश हो गए थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।’’

उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि इसी तरह की एक घटना वैशाली जिले में भी रविवार को हुई थी, जहां एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई थी।

भाषा कैलाश

शफीक

शफीक