अवैध गर्भपात मामला: पुणे जिले में स्त्री रोग विशेषज्ञ गिरफ्तार, महिला चिकित्सक फरार

Ads

अवैध गर्भपात मामला: पुणे जिले में स्त्री रोग विशेषज्ञ गिरफ्तार, महिला चिकित्सक फरार

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 12:57 AM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 12:57 AM IST

पुणे,सात जून (भाषा) पुणे ग्रामीण पुलिस ने दौंड तालुका के एक अस्पताल में कथित तौर पर अवैध गर्भपात कराए जाने के मामले में एक स्त्री रोग विशेषज्ञ को गिरफ्तार किया है और एक महिला चिकित्सक की तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

दौंड के उप-जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सचिन गुजर की शिकायत पर यवत पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता और गर्भ का चिकित्सकीय समापन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार स्त्री रोग विशेषज्ञ की पहचान उरुली कंचन के डॉ. तुकाराम मोटे के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि केडगांव में प्रसूति एवं नि:संतानता उपचार अस्पताल चलाने वाली बीएचएमएस चिकित्सक डॉ. स्वाति लवंगारे फरार है।

अधिकारियों ने बताया कि जिला स्तरीय दल ने छह जून को अस्पताल का निरीक्षण किया और गर्भ के चिकित्सीय समापन से जुड़ी प्रक्रियाओं के रिकॉर्ड में अनियमितताएं पाईं तथा गर्भ का चिकित्सीय समापन (एमटीपी) करने संबंधी आठ किट भी जब्त की गईं।

पुलिस के अनुसार, यह अस्पताल पंजीकृत एमटीपी केंद्र है लेकिन ये प्रक्रियाएं कथित तौर पर डॉ. लवंगारे द्वारा की जा रही थीं जो गर्भपात की प्रक्रिया करने के लिए अधिकृत नहीं है जबकि डॉ. मोटे दस्तावेजों पर कथित तौर पर हस्ताक्षर किया करता था।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा

सिम्मी संतोष

संतोष