भोजपुरी फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने का प्रयास करूंगा : पवन सिंह
भोजपुरी फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने का प्रयास करूंगा : पवन सिंह
पटना, एक जुलाई (भाषा) भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह ने बुधवार को बिहार में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने का संकल्प लेते हुए कहा कि वह राज्य में फिल्म उद्योग के विकास के लिए काम करेंगे, ताकि स्थानीय प्रतिभावान कलाकारों को अपने ही प्रदेश में उचित मंच मिल सके।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर निर्वाचित होकर बिहार विधान परिषद के सदस्य बने पवन सिंह ने शपथ लेने के बाद विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत की।
सिंह ने कहा, ‘‘अब मेरा प्रयास रहेगा कि मैं अपनी फिल्मों का काम बिहार की धरती पर करूं। मैं राज्य में एक बेहतर फिल्म सिटी की स्थापना और स्थानीय कलाकारों को उचित मंच दिलाने की दिशा में काम करूंगा।’’
उल्लेखनीय है कि 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान पवन सिंह ने पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से भाजपा का टिकट स्वीकार करने से इनकार करके पार्टी छोड़ दी थी और अपने गृह राज्य बिहार की काराकाट लोकसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा था। बाद में वह पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव से पहले फिर भाजपा में शामिल हो गए थे।
पवन सिंह उन 10 नवनिर्वाचित विधान पार्षदों में शामिल थे जिन्होंने बुधवार को शपथ ली। इनमें राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी संजय मयूख भी शामिल हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र और जनता दल यूनाइटेड (जदयू ) के नेता निशांत कुमार ने कहा कि वह लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे पिता ने 20 वर्ष तक बिहार की सेवा की। मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद से मैं उनकी विरासत के अनुरूप काम करने की कोशिश कर रहा हूं और विधान परिषद सदस्य के रूप में भी ऐसा करता रहूंगा।’’
शपथ लेने वालों में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद रिक्त हुई सीट से निर्वाचित ललन प्रसाद तथा पार्टी की भारती मेहता और शिवरानी देवी प्रजापति भी शामिल थीं। इन दोनों को पिछले महीने हुए द्विवार्षिक चुनाव में पार्टी ने उम्मीदवार बनाया था।
भाषा कैलाश जोहेब
जोहेब

Facebook


