पटना, 13 अक्टूबर (भाषा) प्रशांत किशोर के नेतृत्व वाली जन सुराज पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 65 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची सोमवार को जारी की।
हालांकि, सूची में किशोर का नाम नहीं है। किशोर के राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव के खिलाफ राघोपुर सीट से चुनाव लड़ने की संभावना है।
संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए किशोर ने कहा कि इसके साथ ही पार्टी ने कुल 116 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं।
उन्होंने कहा, ‘पहली सूची में हमने 51 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की थी और दूसरी सूची में हमने 65 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। शेष सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा बाद में की जाएगी।’
किशोर ने बताया कि अब तक घोषित उम्मीदवारों में 31 अत्यंत कमजोर वर्ग से, 21 अन्य पिछड़ा वर्ग से तथा 21 मुस्लिम हैं।
पार्टी ने हरनौत से कमलेश पासवान को मैदान में उतारा है। यह सीट लंबे समय से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गढ़ मानी जाती है, हालांकि उन्होंने तीन दशक से वहां विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा है।
भाषा आशीष वैभव
वैभव