नियुक्ति के पांच सप्ताह बाद अलका मूंदड़ा ने आईओसी के स्वतंत्र निदेशक पद से दिया इस्तीफा

Ads

नियुक्ति के पांच सप्ताह बाद अलका मूंदड़ा ने आईओसी के स्वतंत्र निदेशक पद से दिया इस्तीफा

  •  
  • Publish Date - September 20, 2026 / 01:22 PM IST,
    Updated On - September 20, 2026 / 01:22 PM IST

नयी दिल्ली, 20 सितंबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख पेट्रोलियम कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) के निदेशक मंडल में शामिल होने के महज एक महीने बाद अलका मूंदड़ा ने स्वतंत्र निदेशक के पद से इस्तीफा दे दिया है।

उन्होंने कहा कि कंपनी के साथ उनके बेटे की पेट्रोल पंप डीलरशिप शेयर बाजार के सूचीबद्धता नियमों के तहत स्वतंत्रता के मानदंडों का उल्लंघन करती है।

आईओसी ने शेयर बाजार को बताया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सचिव को 18 सितंबर को लिखे पत्र में मूंदड़ा ने बताया कि उनके बेटे माधव मूंदड़ा, 2020 से राजस्थान के उदयपुर में आईओसी का एक खुदरा बिक्री केंद्र ‘स्वर्ण गंगा केएसके’ संचालित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था सेबी के सूचीबद्धता दायित्व और खुलासा आवश्यकताएं (एलओडीआर) विनियमों के तहत वित्तीय संबंधों से जुड़े स्वतंत्रता मानदंडों के विपरीत है।

मूंदड़ा ने पत्र में कहा कि उनका पुत्र ”मेरी ओर से किसी भी भागीदारी या हस्तक्षेप के बिना स्वतंत्र रूप से अपना व्यवसाय संचालित करता है’’ और उन्हें पूरा विश्वास था कि उनकी निष्पक्षता ”अप्रभावित रहेगी।”

उन्होंने लिखा, ”फिर भी, कॉरपोरेट प्रशासन के उच्चतम मानकों को ध्यान में रखते हुए मुझे पद पर बने रहना अनुचित लगा, ताकि किसी भी स्तर पर इस संबंध में कोई सवाल न उठे।”

उन्होंने कहा, ”यह फैसला पूरी तरह स्वैच्छिक है और औचित्य तथा पारदर्शिता के सिद्धांतों से प्रेरित है।” इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके पद छोड़ने की कोई अन्य वजह नहीं है।

आईओसी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक 52 वर्षीय मूंदड़ा को मंत्रालय के 12 अगस्त के पत्र के आधार पर 15 अगस्त से स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया गया था।

कंपनी ने बताया कि इस्तीफे के बाद ”वह 18 सितंबर, 2026 से कंपनी की स्वतंत्र निदेशक नहीं रह गई हैं।”

भाषा पाण्डेय अजय

अजय