दरभंगा, तीन अप्रैल (भाषा) बिहार के दरभंगा में शुक्रवार दोपहर नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार स्थित ‘प्रेम ज्वेलर्स’ नामक आभूषण की दुकान में हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया।
नकाबपोश बदमाशों ने पिस्तौल की नोक पर शोरूम में मौजूद लोगों को बंधक बना लिया और गहनों तथा नकदी से भरे बैग लेकर फरार हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जगुनाथ रेड्डी और उप महानिरीक्षक (डीआईजी) मनोज तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
डीआईजी मनोज तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और लूट की रकम का आकलन किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि इसी इलाके में करीब पांच वर्ष पहले लाट मार्केट स्थित संतोष लाट की दुकान ‘अलंकार ज्वेलर्स’ में भी अपराधियों ने दिनदहाड़े करीब पांच करोड़ रुपये से अधिक की ज्वेलरी लूट ली थी।
हालांकि, दरभंगा पुलिस ने बाद में मामले का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
‘प्रेम ज्वेलर्स’ के मालिक मनोज ठाकुर ने बताया कि उनका आभूषणों का थोक कारोबार है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को वह प्रतिदिन की तरह दुकान पर मौजूद थे, लेकिन दोपहर में नकाब पहने चार अपराधी दुकान में घुस आए और पिस्तौल के बल पर करीब दो करोड़ रुपये के आभूषण तथा 20 से 25 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है।
भाषा कैलाश
संतोष
संतोष