भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही, महाराष्ट्र देश की वृद्धि का सबसे मजबूत केंद्र : प्रणव अदाणी

Ads

भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही, महाराष्ट्र देश की वृद्धि का सबसे मजबूत केंद्र : प्रणव अदाणी

  •  
  • Publish Date - September 3, 2026 / 03:27 PM IST,
    Updated On - September 3, 2026 / 03:27 PM IST

मुंबई, तीन सितंबर (भाषा) अदाणी एंटरप्राइजेज के निदेशक प्रणव अदाणी ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है और देश इस सदी की सबसे आकर्षक वृद्धि की कहानी बन गया है।

नेशनल रियल एस्टेट डेवलपमेंट काउंसिल (नारेडको)-महाराष्ट्र के रियल एस्टेट और बुनियादी ढांचा निवेशक सम्मेलन-2026 में उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और खासकर मुंबई भारत की वृद्धि की सबसे उल्लेखनीय तस्वीर पेश कर रहे हैं।

अदाणी ने कहा, ‘‘एक दशक से कुछ अधिक समय में महाराष्ट्र और मुंबई ने देश के सामने दिखाया है कि अलग-अलग परियोजना क्रियान्वयन से तेजी से, बड़े स्तर और एकीकृत दीर्घकालिक क्षमता निर्माण की दिशा में कैसे बढ़ा जा सकता है।’’

अदाणी ने कहा कि महाराष्ट्र का देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में सबसे अधिक 14 प्रतिशत का योगदान है।

उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय अर्थव्यवस्था में प्रत्येक सात रुपये में से एक रुपये का सृजन यहीं होता है।’’

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र केवल भारत की वृद्धि की कहानी में भागीदार नहीं है, बल्कि वह इसमें वित्तीय योगदान देने, निर्माण करने और कई बार देश की वृद्धि की महत्वाकांक्षा को दिशा देने का काम भी कर रहा है।

अदाणी ने कहा कि निवेशक केवल कंक्रीट, इस्पात या जमीन में निवेश नहीं करते हैं, बल्कि वे शासन, संपर्क, परियोजनाओं के क्रियान्वयन और मानव क्षमता में भी निवेश करते हैं और महाराष्ट्र आज इन चारों क्षेत्रों में आगे है

धारावी के पुनर्विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अदाणी समूह वहां लोगों की आजीविका की रक्षा करने, सामुदायिक नेटवर्क को बनाए रखने तथा पात्र निवासियों को सुरक्षित घर, आधुनिक बुनियादी ढांचा और बेहतर सार्वजनिक स्थान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, ‘‘अदाणी समूह की जिम्मेदारी केवल ढांचों को बदलना नहीं है। हम शहर की जीवंत बुनियादी संरचना की जिम्मेदारी भी ले रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में चुनौती यह नहीं है कि शहरों का विकास होगा या नहीं, क्योंकि उनका विकास निश्चित है। असली चुनौती यह है कि शहरों का विकास भरोसे, मजबूती, समावेशन और नई सोच के साथ हो।

अदाणी ने कहा कि मुंबई अपने विकास के अगले चरण के लिए तैयार हो रहा है। मेट्रो नेटवर्क, तटीय सड़क, अटल सेतु, नवी मुंबई का नया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और व्यापक क्षेत्र को जोड़ने वाले गलियारे राज्य तथा मुंबई के आर्थिक मानचित्र को नए सिरे से आकार दे रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘मुंबई 3.0’ इस अवसर को दर्शाता है और अदाणी समूह इस यात्रा में भागीदारी को अपने के लिए गौरव मानता है।

उन्होंने कहा कि इस क्षेत्रीय बदलाव की मजबूत नींव राष्ट्रीय स्तर पर हो रहे व्यापक बदलाव में है।

भाषा योगेश अजय

अजय