लखीसराय हादसा : प्रशांत किशोर ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, प्रशासन की तैयारियों पर उठाए सवाल

Ads

लखीसराय हादसा : प्रशांत किशोर ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, प्रशासन की तैयारियों पर उठाए सवाल

  •  
  • Publish Date - August 18, 2026 / 04:58 PM IST,
    Updated On - August 18, 2026 / 04:58 PM IST

लखीसराय , 18 अगस्त (भाषा) जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने मंगलवार को बिहार के लखीसराय जिले में अशोक धाम मंदिर के पास सोमवार को हुई भगदड़ में मारे गए लोगों के परिजनों से मुलाकात की और आरोप लगाया कि इस घटना से निपटने में प्रशासन ने अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई।

किशोर ने कहा, ‘‘लोगों से बातचीत करने के बाद प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि घटना से निपटने और आवश्यक इंतजाम करने में प्रशासन ने वह गंभीरता नहीं दिखाई, जो उसे दिखानी चाहिए थी।’’

लखीसराय जिले में सोमवार को अशोक धाम मंदिर के पास हुई भगदड़ में सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी और 25 लोग घायल हुए थे।

मंदिर से कुछ दूरी पर स्थित अशोक धाम हॉल्ट रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और एक गिरे हुए बिजली के खंभे से करंट फैलने की अफवाह के कारण यह घटना हुई थी।

किशोर ने आरोप लगाया कि बिहार में जब भी कोई हादसा होता है तो अधिकारी जिम्मेदारी तय करने के बजाय मामूली मुआवजे की घोषणा कर ‘‘मामला निपटाने’’ की कोशिश करते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘सात लोगों की जान चली गई लेकिन अब तक किसी प्रशासनिक अधिकारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।’’

किशोर ने सवाल किया कि जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी या संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

उन्होंने कहा, ‘‘यहां तक कि किसी हेड कांस्टेबल या कांस्टेबल को भी निलंबित नहीं किया गया।’’

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की थी।

जिला प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

श्रद्धालु मंदिर में शिवलिंग पर जल चढ़ाने के लिए एकत्र हुए थे।

भाषा कैलाश जितेंद्र

जितेंद्र