Gwalior Gunpoint Loot / Image Source : FILE
ग्वालियर : Gwalior Gunpoint Loot : मध्य प्रदेश के ग्वालियर ज़िले के पिंटो पार्क बाजार में लूट की कोशिश उस समय नाकाम हो गई जब सराफा कारोबारी ने हिम्मत दिखाकर लुटेरों का मुकाबला किया। कुर्सी फेंककर शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़ पड़े और दोनों बदमाशों को दबोच लिया। पुलिस ने मौके से पिस्टल बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी अशोकनगर के रहने वाले हैं। पूरी वारदात CCTV में कैद हुई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुट गई है।
दअरसल घटना गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के पिंटो पार्क स्थित एक ज्वैलर्स दुकान की है। दुकान के मालिक विनय सोनी सोने-चांदी के आभूषणों का कारोबार करते हैं। रोज की तरह सोमवार रात करीब 9:30 बजे वह दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक दोनों बदमाश शाम से ही दुकान और कारोबारी की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।
रात करीब 10 बजे जैसे ही विनय सामान समेटने लगे, चेहरे पर साफा बांधे दो युवक दुकान में घुस गए। एक ने गेट पर पहुंचकर फायर किया और अंदर आकर विनय पर पिस्टल तान दी। बदमाश ने तिजोरी खोलने को कहा और डराने के लिए दूसरी बार भी फायर कर दिया। अचानक हुई फायरिंग से कारोबारी घबरा गया। लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद फुटेज के अनुसार एक बदमाश पिस्टल लोड कर अंदर घुसा।
गनप्वाइंट पर तिजोरी खुलवाने की कोशिश के दौरान विनय ने पास रखी कुर्सी उठाकर बदमाश पर दे मारी और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। गोली की आवाज और चीख सुनते ही आसपास के दुकानदार और बाजार में मौजूद लोग दौड़कर दुकान पहुंचे। भीड़ ने भागने की कोशिश कर रहे दोनों बदमाशों को घेरकर पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी।
इस घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल दोनों आरोपियों को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। इलाज के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद व्यापारियों ने बाजार में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
इन्हें भी पढ़ें:-