बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त, सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही : तेजस्वी यादव

Ads

बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त, सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही : तेजस्वी यादव

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 07:26 PM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 07:26 PM IST

पटना, छह अगस्त (भाषा) राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने बृहस्पतिवार को बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था “पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है” और सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है।

राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने यह भी आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार को राज्य में हर दिन होने वाली हत्या, बलात्कार, छेड़छाड़ या अन्य अपराधों की कोई परवाह नहीं है।

यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता ने कहा, “बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। राज्य सरकार इसे संभालने में बुरी तरह नाकाम रही है। राजग नेता अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं।”

यादव ने दावा किया कि राज्य में सत्ता संभालने वाले लोग इन अपराधों पर चुप्पी साधे हुए हैं।

पटना में 25 वर्षीय बंटी यादव के कथित अपहरण और हत्या का मुद्दा उठाते हुए, यादव ने पीड़ित की पत्नी के लिए सरकारी नौकरी की मांग की।

उन्होंने मृतक के दो बच्चों की 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई के लिए परिवार को पांच लाख रुपये का चेक सौंपा और राज्य सरकार से उनकी आगे की पढ़ाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

छह जुलाई को, बंटी यादव को भीड़-भाड़ वाले करबिगहिया/पटना जंक्शन इलाके से कथित तौर पर अगवा कर लिया गया था।

यादव के परिवार ने हालांकि तुरंत अधिकारियों को सूचित किया, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने तत्काल और प्रभावी कार्रवाई नहीं की।

अपहरण के पांच दिन बाद यादव का शव अथमलगोला क्षेत्र से बरामद किया गया।

तेजस्वी ने 25 जुलाई को सीवान जिले में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर एके-47 राइफल के इस्तेमाल को लेकर जिले के पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की।

भाषा

प्रशांत अविनाश

अविनाश