नौका दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद श्रीलंकाई नौसेना ने 11 भारतीय मछुआरों को बचाया

Ads

नौका दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद श्रीलंकाई नौसेना ने 11 भारतीय मछुआरों को बचाया

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 07:10 PM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 07:10 PM IST

कोलंबो, छह अगस्त (भाषा) श्रीलंका के समुद्री क्षेत्र में एक नौका के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद बृहस्पतिवार को श्रीलंकाई नौसेना ने 11 भारतीय मछुआरों को सुरक्षित बचा लिया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

यह दुर्घटना श्रीलंका के उत्तरी तट के पास पाक जलडमरूमध्य में स्थित डेल्फ़्ट द्वीप (जिसे नेदुंथिवु भी कहा जाता है) की तटीय मूंगा चट्टान (कोस्टल रीफ) के पास हुई।

श्रीलंका नौसेना के अनुसार, यह नौका बुधवार देर रात अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा पार करके श्रीलंका के जलक्षेत्र में प्रवेश कर गई थी और कथित तौर पर चट्टान से टकराकर वहां फंस गई।

श्रीलंका नौसेना के प्रवक्ता कमांडर चमिंदा वालाकुलुगे ने दावा किया कि भारतीय नौका द्वीपीय देश के जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने में लगी थी और दुर्घटना का शिकार हो गई।

एक बयान में नौसेना ने पुष्टि की कि बचाव अभियान के बाद सभी 11 मछुआरों को डेल्फ़्ट द्वीप के तट पर लाया गया।

नौसेना ने कहा कि बचाए गए मछुआरों से संबंधित आगे की कार्रवाई मत्स्य और जलीय संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर की जा रही है।

बयान में कहा गया, ‘मूंगा चट्टान से टकराने के कारण ट्रॉलर (नौका) का ढांचा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है।’

यह घटना विदेश सचिव विक्रम मिसरी की एक दिवसीय यात्रा के दौरान श्रीलंका के नेताओं के साथ मछुआरों से जुड़े मुद्दों को उठाए जाने और हिरासत में लिए गए मछुआरों तथा नौकाओं को शीघ्र छोड़ने के अनुरोध के एक दिन बाद सामने आई है।

भाषा सुमित नरेश

नरेश