पटना, पांच अगस्त (भाषा) बिहार पुलिस ने बुधवार को एक व्यक्ति को खुद को केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के निजी सचिव के रूप में पेश करके एक कैदी का स्थानांतरण कराने की कोशिश करने के आरोप में गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने केंद्रीय मंत्री का निजी सचिव बनकर जेल महानिरीक्षक (आईजी) को फोन किया और एक कैदी के स्थानांतरण का निर्देश देने की कोशिश की।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मेहंदिया निवासी धीरज कुमार के रूप में हुई है, जो फिलहाल लखीसराय में रह रहा था।
पुलिस अधीक्षक (पटना मध्य) ममता कल्याणी ने संवाददाताओं को बताया, “मामला तब सामने आया, जब सचिवालय थाने को सूचना मिली कि खुद को केंद्रीय मंत्री के निजी सचिव के रूप में पेश करने वाले एक व्यक्ति ने जेल महानिरीक्षक को फोन कर भारत सिंह नामक कैदी को भागलपुर केंद्रीय कारागार से बेऊर केंद्रीय कारागार स्थानांतरित करने का निर्देश दिया।”
उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी तुरंत केंद्रीय मंत्री को दी गई, जिन्होंने स्पष्ट किया कि उनके निजी सचिव की ओर से ऐसा कोई निर्देश जारी नहीं किया गया है।
कल्याणी के मुताबिक, इसके बाद सचिवालय थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और तकनीकी जांच के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने कहा, “शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी इससे पहले भी विभिन्न सरकारी विभागों में फोन कर खुद को मंत्री, निजी सचिव, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और यहां तक कि न्यायाधीश बताकर बातचीत करता रहा है।”
कल्याणी ने कहा कि मामले की जांच जारी है।
भाषा
कैलाश
पारुल
पारुल