भाजपा में शामिल होने वाले नेता प्रधानमंत्री की लोकप्रियता से प्रभावित: संजय सरावगी
भाजपा में शामिल होने वाले नेता प्रधानमंत्री की लोकप्रियता से प्रभावित: संजय सरावगी
पटना, 24 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बिहार इकाई के अध्यक्ष संजय सरावगी ने शुक्रवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के सात राज्यसभा सदस्यों ने भाजपा में शामिल होने का फैसला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘‘वैश्विक लोकप्रियता’’ और केंद्र सरकार की ‘‘जनहितकारी नीतियों’’ से प्रभावित होकर लिया है।
आप को शुक्रवार को उस समय बड़ा झटका लगा जब उसके सात राज्यसभा सदस्यों ने पार्टी छोड़ दी। इनमें राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल शामिल हैं।
चड्ढा ने दिल्ली में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आप के राज्यसभा सदस्यों में से दो-तिहाई ने पार्टी छोड़ दी है और वे एक गुट के रूप में भाजपा में शामिल होंगे।
सरावगी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मोदी जी की लोकप्रियता और केंद्र सरकार की नीतियों के कारण सभी दलों के अच्छे लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं। हमने यह असम में कांग्रेस नेताओं के साथ देखा था और अब हम आप के राज्यसभा सदस्यों के साथ भी यही देख रहे हैं।’’
आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने ‘‘पंजाबियों के साथ धोखा किया है।’’ इस बारे में पूछे जाने पर सरावगी ने कहा कि उन्हें पहले अपनी पार्टी संभालने पर ध्यान देना चाहिए।
राज्यसभा सदस्यों के पार्टी छोड़ने के बाद केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ‘‘पंजाबियों के साथ धोखा किया है।’’
बिहार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘यदि आप अपनी पार्टी नहीं संभाल सकते और भ्रष्टाचार व गलत कार्यों में संलिप्त रहेंगे, तो अच्छे लोग स्वाभाविक रूप से पार्टी छोड़ देंगे। निराधार आरोप लगाने के बजाय उन्हें इस बात की चिंता करनी चाहिए कि आखिर उनकी ही पार्टी के राज्यसभा सदस्यों का उसकी नीतियों से विश्वास क्यों उठ रहा है और वे क्यों छोड़कर जा रहे हैं।’’
भाषा कैलाश धीरज
धीरज

Facebook


