कटिहार (बिहार), चार अप्रैल (भाषा) बिहार के कटिहार जिले में लूट के मामले में गिरफ्तार एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पुलिस हवालात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिसके बाद थाना प्रभारी (एसएचओ) और जांच अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
राकेश कुमार यादव (24) को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के बयान के अनुसार, यादव ने शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को हवालात के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बयान में कहा गया है, ‘‘उसे तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’’
स्थानीय लोगों को जब यादव की मौत के बारे में पता चला तो उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया, टायर जलाकर सड़क को अवरुद्ध कर दिया और एक पुलिसकर्मी की पिटाई भी की।
इस घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया गया है। हालांकि, ‘पीटीआई-भाषा’ इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका।
बयान में कहा गया है कि आरोपी की मौत के बाद कटिहार के पुलिस अधीक्षक ने फाल्का थाने के थाना प्रभारी और मामले के जांच अधिकारी को निलंबित कर दिया है।
भाषा शुभम शफीक
शफीक