मोदी ने कांग्रेस की ‘मानसिक गुलामी’ की जगह राष्ट्रीय स्वाभिमान जगाया : शिवराज
मोदी ने कांग्रेस की ‘मानसिक गुलामी’ की जगह राष्ट्रीय स्वाभिमान जगाया : शिवराज
पटना, 17 जून (भाषा) केंद्रीय ग्रामीण विकास तथा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश में ‘राष्ट्रीय स्वाभिमान जगाने’ और ‘ब्रिटिश उपनिवेशवाद की मानसिक गुलामी’ से मुक्ति दिलाने का श्रेय देते हुए दावा किया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के दौर में ऐसी मानसिकता हावी थी।
बिहार दौरे पर आए चौहान ने राज्य की राजधानी पटना में मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘‘प्रबुद्ध जन सम्मेलन’’ को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘हमारी सभ्यता पांच हजार वर्ष पुरानी है। वेदों के मंत्र उस समय रचे गए थे, जब दुनिया के तथाकथित विकसित राष्ट्र अस्तित्व में भी नहीं आए थे।’’
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि समय के साथ देश में ‘‘ब्रिटिश उपनिवेशवाद की मानसिक गुलामी’’ हावी हो गई थी और कांग्रेस शासन के दौरान यह प्रवृत्ति अधिक स्पष्ट रूप से दिखाई देती थी।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के शासनकाल में जिस सड़क पर प्रधानमंत्री का आवास स्थित है, उसका नाम ‘रेस कोर्स रोड’ था। क्या सड़कों पर घोड़े दौड़ते हैं? इसका क्या अर्थ था? प्रधानमंत्री मोदी ने इसका नाम बदलकर ‘लोक कल्याण मार्ग’ कर दिया।’’
चौहान ने कहा, ‘‘मोदी के नेतृत्व में ‘मुगल गार्डन्स’ का नाम बदलकर ‘अमृत उद्यान’ किया गया। संसद को औपनिवेशिक दौर की पुरानी इमारत से नए भवन में स्थानांतरित किया गया। मोदी के सत्ता में आने के बाद ही इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थापित की गई। इन सभी कदमों ने देश के स्वाभिमान को जागृत किया है।’’
केंद्रीय मंत्री ने यह भी दावा किया कि मोदी के नेतृत्व में ‘‘देशभर में विकास की गंगा बह रही है’’। उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि रेलवे का शत-प्रतिशत विद्युतीकरण, कई वंदे भारत ट्रेन का संचालन, अटल सुरंग का निर्माण तथा राष्ट्रीय राजमार्गों, सड़कों और पुलों का व्यापक नेटवर्क इसी विकास यात्रा का उदाहरण है।
भाषा कैलाश
संतोष
संतोष

Facebook


