नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत: सीबीआई दल ने पटना के बालिका छात्रावास का दौरा किया
नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत: सीबीआई दल ने पटना के बालिका छात्रावास का दौरा किया
पटना, 14 फरवरी (भाषा) सीबीआई अधिकारियों की एक टीम ने शनिवार को बिहार की राजधानी में नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा की मौत की जांच के सिलसिले में यहां के एक बालिका छात्रावास का दौरा किया।
यह दौरा केंद्रीय एजेंसी द्वारा मामले को औपचारिक रूप से अपने हाथ में लेने और प्राथमिकी दर्ज करने के एक दिन बाद हुआ है।
जहानाबाद की रहने वाली और राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी कर रही छात्रा छह जनवरी को पटना के चित्रगुप्त नगर स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल में बेहोश पाई गई थी। वह कोमा में थी और पांच दिन बाद एक निजी अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई।
छात्रा की मौत के बाद उठे विवाद के कारण सरकार ने 31 जनवरी को इस मामले को सीबीआई को सौंप दिया।
उसके परिवार ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए अधिकारियों पर मामले को दबाने का आरोप लगाया था। बाद में पुलिस ने छात्रावास के एक कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के अधिकारियों ने पटना पुलिस के अधिकारियों के साथ शंभू गर्ल्स हॉस्टल का दौरा किया और वहां के कुछ कर्मचारियों से घटनाक्रम के बारे में पूछताछ की।
भाषा प्रशांत धीरज
धीरज

Facebook


