नीतीश कुमार ने 171 करोड़ रुपये की 88 योजनाओं का किया उद्घाटन एव शिलान्यास, विपक्ष पर साधा निशाना

नीतीश कुमार ने 171 करोड़ रुपये की 88 योजनाओं का किया उद्घाटन एव शिलान्यास, विपक्ष पर साधा निशाना

नीतीश कुमार ने 171 करोड़ रुपये की 88 योजनाओं का किया उद्घाटन एव शिलान्यास, विपक्ष पर साधा निशाना
Modified Date: March 17, 2026 / 04:13 pm IST
Published Date: March 17, 2026 4:13 pm IST

भागलपुर, 17 मार्च (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान भागलपुर जिले के जगदीशपुर स्थित बैजानी पंचायत में 171 करोड़ रुपये की लागत से 88 विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

कुमार ने इस दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और विपक्ष पर तीखा हमला बोला।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी एक बयान के अनुसार कुमार ने भागलपुर-बौंसी रेल लाइन पर निर्माणाधीन रेल ओवरब्रिज का निरीक्षण किया और अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री कुमार ने जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2005 से पहले राज्य में ‘जंगलराज’ की स्थिति थी। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि उस समय लोग शाम के बाद घर से निकलने में डरते थे और महिलाएं असुरक्षित महसूस करती थीं, जबकि कानून-व्यवस्था की स्थिति भी अत्यंत खराब थी।

कुमार ने दावा किया कि उनकी सरकार ने राज्य में सांप्रदायिक सद्भाव स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि कब्रिस्तानों की घेराबंदी कराई गई और बाद में मंदिरों की भी चहारदीवारी कराई गई, जिससे भूमि विवाद समाप्त हुए और प्रदेश में शांति कायम हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के गांवों को सड़कों और पुल-पुलियों के माध्यम से शहरों से जोड़ा गया है, जिससे आवागमन में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि बिहार के हर गांव तक बिजली पहुंचाई गई है और अब सरकार छतों पर मुफ्त सौर पैनल लगाने की योजना भी चला रही है।

उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने अब तक 50 लाख युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराया है तथा आगामी पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है।

कुमार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार बिहार के विकास में लगातार सहयोग कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य के संयुक्त प्रयासों से कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्रों में विकास को और गति मिलेगी।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी, उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल, जिले के विधायक, जदयू के जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता और पार्टी के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

भाषा कैलाश अमित

अमित


लेखक के बारे में