49 लाख से अधिक छात्रों के खाते में नीतीश कुमार ने विभिन्न योजनाओं के तहत भेजे 2,920 करोड़ रुपए

49 लाख से अधिक छात्रों के खाते में नीतीश कुमार ने विभिन्न योजनाओं के तहत भेजे 2,920 करोड़ रुपए

49 लाख से अधिक छात्रों के खाते में नीतीश कुमार ने विभिन्न योजनाओं के तहत भेजे 2,920 करोड़ रुपए
Modified Date: September 20, 2025 / 08:55 pm IST
Published Date: September 20, 2025 8:55 pm IST

पटना, 20 सितम्बर (भाषा) बिहार सरकार ने शनिवार को शिक्षा विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 49 लाख से अधिक विद्यार्थियों के बैंक खातों में 2,920 करोड़ रुपए भेजे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा विभाग से संबंधित 958.79 करोड़ रुपए की 331 आधारभूत संरचना संबंधी परियोजनाओं की शुरुआत एवं उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक बयान के अनुसार कुमार ने प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 49,09,336 लाभार्थियों के बैंक खातों में 2,920 करोड़ रुपए अंतरित किए।’’

बयान में कहा गया कि यह राशि शिक्षा विभाग की कई योजनाओं के अंतर्गत विद्यार्थियों को दी गई है, जिनमें मुख्यमंत्री बालिका (इंटरमीडिएट उत्तीर्ण) प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री साइकिल योजना, मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना, मुख्यमंत्री बालक पोशाक योजना, छात्रवृत्ति योजना और कन्या उत्थान योजना शामिल हैं।

सीएमओ के अनुसार 426.10 करोड़ रुपए की 259 परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया तथा 532.69 करोड़ रुपए की 72 नयी परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।

बयान में कहा गया है, ‘‘इन परियोजनाओं से स्कूल भवन, विज्ञान प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष, छात्रावास, शौचालय और पेयजल जैसी सुविधाएं और सुदृढ़ होंगी।’’

बयान के अनुसार 2005 में राज्य का कुल शिक्षा बजट 4,366 करोड़ रुपए था, जो अब बढ़कर 77,690 करोड़ रुपए हो गया है।

बयान में कहा गया है, ‘‘शिक्षा क्षेत्र में सुधार के लिए बड़े पैमाने पर शिक्षकों की नियुक्ति, नए स्कूल भवनों के निर्माण और बुनियादी ढांचे के विकास का किया गया है। सरकार सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में निरंतर काम कर रही है।’’

राज्य में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

भाषा कैलाश

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में