बिहार: बीपीएससी ने शिक्षक भर्ती परीक्षा का कार्यक्रम जारी किया, एक सितंबर से आवेदन
बिहार: बीपीएससी ने शिक्षक भर्ती परीक्षा का कार्यक्रम जारी किया, एक सितंबर से आवेदन
पटना, 18 अगस्त (भाषा) छात्र आंदोलन के बीच बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने मंगलवार को शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई-4) का कार्यक्रम जारी कर दिया।
बीपीएससी ने एक अधिसूचना जारी कर 32,388 शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया एक सितंबर से शुरू करने की घोषणा की।
यह घोषणा उस समय हुई, जब राज्य की राजधानी पटना में सार्वजनिक प्रदर्शनों के लिए निर्धारित गर्दनीबाग में प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने चेतावनी दी थी कि 24 घंटे के भीतर परीक्षा कार्यक्रम जारी नहीं किए जाने पर वे शिक्षा मंत्री के आवास का घेराव करेंगे।
इस बीच, परीक्षा समय पर कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों के समर्थन में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष एवं विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव तथा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य भी पहुंचे।
यादव ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पूरा विपक्ष उनकी ‘‘जायज मांगों’’ का समर्थन करता है और विधानसभा से लेकर सड़क तक छात्रों की आवाज उठाएगा।
यादव ने छात्रों से जातिगत सीमाओं से ऊपर उठकर एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील की। उन्होंने कहा कि एकजुट होकर आंदोलन करने से सरकार को उनकी मांगों के आगे झुकने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘गर्दनीबाग जंतर-मंतर में बदल गया है’’ और छात्रों का यह आंदोलन निश्चित रूप से सकारात्मक परिणाम देगा। भट्टाचार्य ने पिछले माह दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में भी हिस्सा लिया था।
उन्होंने प्रदर्शनकारियों से कहा, ‘‘हम आपकी जायज मांगों का समर्थन करते हैं और यह सुनिश्चित करेंगे कि समाज के हर वर्ग से इन मांगों को व्यापक जनसमर्थन मिले, जिससे सरकार आपकी मांगों के आगे झुकने को मजबूर हो।’’
झारखंड में प्रदर्शनकारियों के साथ लगातार बातचीत का हवाला देते हुए भाकपा (माले) नेता ने कहा कि बिहार सरकार को भी प्रदर्शनकारियों से बातचीत करनी चाहिए और उनकी मांगें स्वीकार करनी चाहिए।
भाषा कैलाश खारी
खारी

Facebook


