प्रगति-50 में पटना और गयाजी शामिल, स्वच्छता के क्षेत्र में मॉडल शहर बनेंगे
प्रगति-50 में पटना और गयाजी शामिल, स्वच्छता के क्षेत्र में मॉडल शहर बनेंगे
पटना, 29 सितंबर (भाषा) बिहार में नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने मंगलवार को कहा कि ‘प्रगति-50’ (सक्रिय शासन और समयबद्ध क्रियान्वयन) के तहत देश के 50 शहरों का चयन किया गया है, जिनमें राज्य के पटना और गयाजी भी शामिल हैं।
विभाग की ओर से जारी बयान के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य चयनित शहरों में स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ साफ-सफाई के क्षेत्र में नवाचार और आधुनिक प्रौद्योगिकियों के बेहतर क्रियान्वयन को बढ़ावा देना है।
मिश्रा ने कहा, “प्रगति-50 में पटना और गयाजी का चयन बिहार के लिए गौरव का विषय है। राज्य सरकार इन दोनों शहरों में स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, उपयोग किए गए जल के प्रबंधन, आधुनिक प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल और नागरिक सहभागिता को अधिक प्रभावी बनाते हुए उन्हें स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट मॉडल शहरों के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
उन्होंने बताया, “इस कार्यक्रम के माध्यम से चयनित शहरों में स्वच्छता से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर अभिनव प्रयासों को प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही, स्वच्छ एवं स्वस्थ शहरी वातावरण के निर्माण के लिए विभिन्न हितधारकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।”
मंत्री ने कहा कि बिहार के पटना और गयाजी का प्रगति-50 में चयन राज्य में स्वच्छता एवं शहरी विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को नयी गति देगा।
उन्होंने कहा कि इससे दोनों शहरों में स्वच्छता संबंधी नवाचारों को प्रभावी ढंग से लागू करने और नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
भाषा
कैलाश पारुल
पारुल

Facebook


