मुजफ्फरपुर, दो सितंबर (भाषा) जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार के एक मंत्री द्वारा दिल्ली की एक होटल कर्मचारी के साथ छेड़खानी किये जाने के मामले को लेकर बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधा।
बांकीपुर के विधायक किशोर ने मुजफ्फरपुर में पत्रकारों से कहा कि ‘‘जब सरकार की कमान ऐसे व्यक्ति के हाथ में हो जिसका रिकॉर्ड दागदार रहा हो, तो ऐसी घटनाओं की उम्मीद की जा सकती है।’’
किशोर, जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव द्वारा बिहार के मंत्री संजय कुमार सिंह पर लगाए गए आरोपों के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे। पिछले साल, विधानसभा चुनाव में महुआ सीट पर तेज प्रताप यादव को संजय कुमार सिंह से शिकस्त मिली थी।
केंद्रीय मंत्री एवं लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने भी राज्य सरकार से इस मामले की जांच करने और ‘‘दोषी पाए जाने पर, भले ही वह मेरी ही पार्टी का क्यों न हो, कड़ी कार्रवाई करने’’ की अपील की।
किशोर ने पत्रकारों से कहा, ‘‘अगर सरकार का मुखिया ही दागदार रिकॉर्ड वाला व्यक्ति हो, तो आप हमेशा यह उम्मीद कर सकते हैं कि मंत्री और सत्तारूढ़ पार्टी के विधायक भी ऐसे विवादों में घिरे रहेंगे।’’
जन सुराज पार्टी के नेता, मुख्यमंत्री चौधरी को उनके कथित आपराधिक अतीत और चुनावी हलफनामों में बताई गई जन्मतिथि व शैक्षणिक योग्यता से जुड़े विवादों को लेकर लगातार निशाना बनाते रहे हैं।
किशोर से ‘‘डस्टबिन घोटाले’’ के बारे में भी पूछा गया। विपक्षी पार्टी राजद के अनुसार, इस घोटाले में राज्य सरकार द्वारा कचरा एकत्र करने के लिए प्लास्टिक के डिब्बे खरीदने में 700 करोड़ रुपये की अनियमितता हुई है।
जन सुराज पार्टी के संस्थापक, जो सत्तारूढ़ राजग और विपक्षी महागठबंधन, दोनों से समान दूरी बनाए हुए हैं, ने दावा किया कि यह कथित अनियमितता शायद वक्त शुरू हुई होगी जब स्वास्थ्य विभाग का जिम्मा राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के पास था।
किशोर ने कहा, ‘‘अगर (भाजपा के) मंगल पांडे की पूर्व स्वास्थ्य मंत्री के तौर पर जांच होती है, तो तेजस्वी यादव की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।’’
उनसे बिहार विधानपरिषद की आठ सीट के लिए होने वाले चुनाव के बारे में भी पूछा गया, जिनका कार्यकाल नवंबर में खत्म हो रहा है।
किशोर ने जवाब दिया, ‘‘हम सभी सीट पर चुनाव लड़ेंगे और उम्मीदवारों की घोषणा 3-4 दिन में कर दी जाएगी।’’
भाषा सुभाष माधव
माधव