मुजफ्फरपुर, पांच अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश की रहने वाली 22 वर्षीय एक नर्तकी का शव बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में उसके किराये के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
यह घटना मंगलवार शाम जिले के चतुर्भुज स्थान इलाके में हुई।
पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान लखनऊ निवासी सारिका पाल उर्फ मुस्कान के रूप में हुई है।
नगर अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुरेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, ‘‘मुस्कान का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं।’’
उन्होंने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मृतका के परिजन की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
एएसपी ने कहा कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेजा गया है। पुलिस ने कथित तौर पर फंदे के तौर पर इस्तेमाल किया गया दुपट्टा और मृतका का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतका आमतौर पर दोपहर तक कमरे से नीचे आ जाती थी, लेकिन मंगलवार को वह बाहर नहीं निकली। उसी मकान में रहने वाली एक किरायेदार ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही चल सकेगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मुस्कान पिछले लगभग पांच वर्षों से मुजफ्फरपुर में रहकर नर्तकी के रूप में काम कर रही थी। वह करीब एक महीने पहले ही उस मकान में रहने आई थी।
भाषा
कैलाश सुभाष
सुभाष