मुजफ्फरपुर (बिहार), 14 अगस्त (भाषा) बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में स्वतंत्रता दिवस से पहले अपराधियों और वांछित आरोपियों के खिलाफ संचालित विशेष अभियान में शुक्रवार को पुलिस ने 342 लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (सिटी) मोहिबुल्लाह अंसारी ने संवाददाताओं को बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से 190 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा कि अपराध पर नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतॆश कुमार मिश्रा के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। जिले के विभिन्न स्थानों पर पुलिस टीमों ने छापेमारी की।
एसपी ने बताया कि सबसे अधिक 72 गिरफ्तारियां ईस्ट-1 अनुमंडल में हुईं, जिनमें से 43 लोगों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को जिले में कुल 342 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि 15 अगस्त के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रमुख स्थानों, संवेदनशील क्षेत्रों और महत्वपूर्ण मार्गों पर निगरानी एवं जांच बढ़ा दी गई है। होटलों तथा अन्य संदिग्ध स्थानों पर भी छापेमारी की जा रही है।
भाषा कैलाश शोभना
शोभना