पटना के बाहरी इलाके में स्थित आश्रम से राजनीतिक गतिविधियां करेंगे प्रशांत किशोर

Ads

पटना के बाहरी इलाके में स्थित आश्रम से राजनीतिक गतिविधियां करेंगे प्रशांत किशोर

  •  
  • Publish Date - May 20, 2026 / 10:29 PM IST,
    Updated On - May 20, 2026 / 10:29 PM IST

दरभंगा, 20 मई (भाषा) जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बुधवार को कहा कि उन्होंने पटना में अपना पुराना आवास खाली कर दिया है और अब वह राज्य की राजधानी के बाहरी इलाके में स्थित एक “आश्रम” से अपनी राजनीतिक गतिविधियां करेंगे।

उन्होंने कहा कि बिहार की राजनीति में जन सुराज पार्टी की मजबूत पहचान बनने तक वह वहीं से काम करेंगे।

पिछले वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में जन सुराज पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद राजनीतिक रूप से सक्रिय रहने का फैसला कर चुके 48 वर्षीय किशोर ने दरभंगा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी।

किशोर ने कहा, “पिछली रात मैंने पटना में अपना पुराना आवास छोड़ दिया। पटना आईआईटी के निकट स्थित ‘बिहार नवनिर्माण आश्रम’ अब अगले विधानसभा चुनाव तक मेरा निवास होगा। उम्मीद है कि तब तक जन सुराज पार्टी बिहार की राजनीति में प्रभाव छोड़ने में सफल होगी।”

राजनीतिक परामर्श संस्था इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (आईपैक) के संस्थापक रहे किशोर ने राजनीतिक परामर्श का काम छोड़कर 2024 में अपनी पार्टी बनाई थी। वह अब तक पटना हवाई अड्डे के निकट स्थित ‘शेखपुरा हाउस’ से रहकर पार्टी का कामकाज देख रहे थे।

यह परिसर पूर्णिया से पूर्व भाजपा सांसद और फिलहाल जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह के परिवार के स्वामित्व में है।

भाषा कैलाश जोहेब

जोहेब

शीर्ष 5 समाचार