सम्राट चौधरी ने सुरक्षा बलों से भारत-नेपाल सीमा पर निगरानी बढ़ाने को कहा

सम्राट चौधरी ने सुरक्षा बलों से भारत-नेपाल सीमा पर निगरानी बढ़ाने को कहा

सम्राट चौधरी ने सुरक्षा बलों से भारत-नेपाल सीमा पर निगरानी बढ़ाने को कहा
Modified Date: September 26, 2026 / 09:47 pm IST
Published Date: September 26, 2026 9:47 pm IST

पटना, 26 सितंबर (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), राज्य पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों से भारत-नेपाल सीमा पर घुसपैठ, मादक पदार्थों की तस्करी और जाली मुद्रा की तस्करी रोकने के लिए आपसी समन्वय से काम करने को कहा।

पटना में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सीमा की संवेदनशीलता को देखते हुए सीमा प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया।

उन्होंने अधिकारियों को संदिग्ध वित्तीय लेनदेन और फर्जी या संदिग्ध बैंक खातों की पहचान करके कानून के अनुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘‘सीमा से लगे जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को केंद्रीय सुरक्षा एवं जांच एजेंसियों के साथ हर महीने समन्वय बैठक करने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने सीमा क्षेत्रों में बिना पंजीकरण वाले धार्मिक स्थलों की पहचान करने और मौजूदा कानूनों के अनुसार कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।’’

उन्होंने सीमा क्षेत्रों में घुसपैठ, फर्जी दस्तावेजों और जाली मुद्रा की तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा।

चौधरी ने संवेदनशील क्षेत्रों में सूचना तंत्र मजबूत करने, सीमावर्ती इलाकों में शिक्षा सुविधाओं में सुधार और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी शामिल हुए।

इस दौरान राज्य के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस अधिकारी और केंद्रीय एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद थे, जबकि सीमा से लगे जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बैठक में शामिल हुए।

भाषा अमित दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में