बिहार में मवेशी तस्करी के मामले में चार पुलिसकर्मियों समेत सात गिरफ्तार

Ads

बिहार में मवेशी तस्करी के मामले में चार पुलिसकर्मियों समेत सात गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 8, 2026 / 06:44 PM IST,
    Updated On - August 8, 2026 / 06:44 PM IST

मुंगेर (बिहार), आठ अगस्त (भाषा) बिहार के मुंगेर जिले में कथित तौर पर मवेशी तस्करी में शामिल होने के आरोप में चार पुलिसकर्मियों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि ये गिरफ्तारियां 35 भैंसों से लदे एक ट्रक को जब्त किए जाने के बाद की गईं। इनमें से पांच भैंसों की वाहन में ठूंसकर ले जाए जाने के कारण मौत हो गई थी।

गिरफ्तार किए गए पुलिसकर्मियों की पहचान यातायात पुलिस में तैनात सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) अयोध्या कुमार और चालक विमलेश सिंह के रूप में हुई है। इसके अलावा होमगार्ड के जवान अरविंद यादव और अभिषेक कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।

एक बयान में कहा गया कि पुलिसकर्मियों के साथ स्थानीय निवासी राकेश कुमार और पड़ोसी खगड़िया जिले के अमित कुमार तथा मोहम्मद जियाउल हक के खिलाफ मुफस्सिल थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि स्थानीय खुफिया इकाई से मिली सूचना के आधार पर बृहस्पतिवार को इस ट्रक को जब्त किया गया था।

इस गिरोह में शामिल राकेश कुमार को सबसे पहले मोटरसाइकिल से जाते समय पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान उसने ट्रक के बारे में जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने वाहन को रोककर उसके चालक अमित कुमार और सहायक जियाउल हक को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आगे की जांच के दौरान गिरफ्तार लोगों ने चारों पुलिसकर्मियों की संलिप्तता के बारे में जानकारी दी। उनके कॉल रिकॉर्ड की जांच से गिरोह के साथ कथित संबंधों की पुष्टि होने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।

मामले में जांच जारी है और गिरफ्तार पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संभावना है।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप