बिहार कांग्रेस मुख्यालय के बाहर भाजपा का प्रदर्शन, झड़प में कई नेता-कार्यकर्ता घायल

बिहार कांग्रेस मुख्यालय के बाहर भाजपा का प्रदर्शन, झड़प में कई नेता-कार्यकर्ता घायल

बिहार कांग्रेस मुख्यालय के बाहर भाजपा का प्रदर्शन, झड़प में कई नेता-कार्यकर्ता घायल
Modified Date: July 22, 2026 / 03:39 pm IST
Published Date: July 22, 2026 3:39 pm IST

पटना, 22 जुलाई (भाषा) बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच उस समय झड़प हो गई, जब सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ताओं ने विपक्ष, विशेषकर राहुल गांधी पर ‘‘अराजकता’’ फैलाने का आरोप लगाते हुए जुलूस निकाला।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में यह जुलूस निकाला गया। पार्टी कार्यकर्ता कांग्रेस के बिहार प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम के मुख्य द्वार तक पहुंचे।

इस दौरान उनके हाथों में राहुल गांधी और कांग्रेस पर ‘‘अराजकता’’ फैलाने का आरोप लगाने वाले पोस्टर और बैनर थे।

कांग्रेस के कार्यकर्ता बांस के डंडे लेकर भाजपा के जुलूस की ओर बढ़ गए, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप किया। दोनों पक्षों के कई कार्यकर्ता घायल हो गए और उनके शरीर से खून बहता देखा गया। हालांकि, कितने लोग घायल हुए या पुलिस ने कितने लोगों को हिरासत में लिया, इस बारे में अधिकारियों ने कोई जानकारी नहीं दी है।

मंगलवार को राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत विपक्ष के कई नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास, सात लोक कल्याण मार्ग का घेराव किया था।

विपक्षी नेताओं ने सोमवार को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के समर्थकों पर कथित पुलिस कार्रवाई का विरोध किया था।

उन्होंने राष्ट्रीय पात्र सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग का भी समर्थन किया था।

दोपहर में हिरासत में लिए गए विपक्षी नेताओं को देर शाम रिहा कर दिया गया था। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की भी मांग करते हुए आरोप लगाया था कि दिल्ली पुलिस उनके निर्देश पर कार्रवाई कर रही है।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली में विपक्षी नेताओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार देर शाम बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम समेत पार्टी के नेताओं ने भी पटना स्थित लोक भवन के सामने धरना दिया था।

भाषा कैलाश जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में