नालंदा (बिहार), 22 मई (भाषा) बिहार के नालंदा जिले में दरियापुर स्थित सकरी नदी पर बने एक पुल के कई पिलर शुक्रवार को ढह गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस पुल के कई पिलर सोमवार को भी क्षतिग्रस्त होकर ध्वस्त हो गए थे।
करीब 10 वर्ष पहले निर्मित यह पुल नालंदा जिले के पूर्वी हिस्से को शेखपुरा जिले के पश्चिमी क्षेत्र से जोड़ता है।
अधिकारियों ने बताया कि पुल पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है और तकनीकी विशेषज्ञों की एक टीम घटना की जांच कर रही है। जांच में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की भी पड़ताल की जा रही है।
बिहारशरीफ के अनुमंडल पदाधिकारी कृष्णलय श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘निरीक्षण दल की पिछली रिपोर्ट मिलने के बाद सुरक्षा कारणों से पुल पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी।’’
उन्होंने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘अगले एक या दो दिनों के भीतर नदी के रास्ते एक अस्थायी वैकल्पिक मार्ग बनाया जाएगा ताकि यातायात की आवाजाही बहाल की जा सके।’’
उल्लेखनीय है कि 2024 और 2025 के दौरान बिहार के कई जिलों में छोटे और बड़े पुलों के ध्वस्त होने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे आधारभूत संरचना की गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर चिंताएं बढ़ीं।
भाषा सं कैलाश
गोला
गोला