पटना जिला के बिहटा में अवैध बालू खनन मामले में छह लोग गिरफ्तार, हथियार एवं कारतूस जब्त

Ads

पटना जिला के बिहटा में अवैध बालू खनन मामले में छह लोग गिरफ्तार, हथियार एवं कारतूस जब्त

  •  
  • Publish Date - September 8, 2025 / 08:23 PM IST,
    Updated On - September 8, 2025 / 08:23 PM IST

पटना, आठ सितंबर (भाषा) पटना जिला के बिहटा में अवैध बालू खनन के मामले में सोमवार को छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोग अनीश कुमार गिरोह के सदस्य थे और सोन नदी के किनारे अमनाबाद में अवैध बालू खनन और जबरन वसूली में शामिल थे। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि उनके पास से एक .315 बोर की अर्द्ध-स्वचालित राइफल, एक देसी पिस्तौल और 49 कारतूस जब्त किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पटना सिटी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) (पश्चिम) भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम ने अमनाबाद इलाके में छापेमारी की।

उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों को देखकर बदमाश नौका पर सवार होकर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने नौका से उनका पीछा किया और सभी छह आरोपियों को पकड़ लिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार लोगों की पहचान छोटू कुमार, बिटेश्वर कुमार, सत्यम कुमार, आकाश कुमार, रोहित कुमार और विकास कुमार के रूप में हुई है। उनके साथियों की तलाश जारी है।

पिछले महीने इसी इलाके से अवैध बालू खनन में संलिप्तता के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था और उनके पास से एके-47 राइफल बरामद की गई थी।

कैलाश भाषा राजकुमार सुरभि

सुरभि