पटना, सात जून (भाषा) बिहार पुलिस ने रविवार को पटना स्थित ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ (केजीएस) में अग्नि सुरक्षा निरीक्षण के दौरान कई संरचनात्मक खामियां पाईं। इसने कहा कि संस्थान को एक सप्ताह के भीतर इन खामियों को दूर करने के लिए नोटिस जारी किया जाएगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मुजफ्फरपुर जिले के एक निजी अस्पताल में लगी आग में कम से कम सात लोगों की मौत के कुछ दिनों बाद यह अग्नि सुरक्षा जांच की गयी।
केजीएस पटना स्थित एक कोचिंग संस्थान है, जिसकी स्थापना फैसल खान ने की थी, जिन्हें खान सर के नाम से जाना जाता है। यह कोचिंग संस्थान छात्रों को प्रतियोगी और सरकारी भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए प्रसिद्ध है।
सहायक जिला अग्निशमन अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने पत्रकारों को बताया, ‘‘अग्नि सुरक्षा निरीक्षण के दौरान हमें केजीएस में कुछ खामियां मिली हैं और जल्द ही नोटिस जारी किया जाएगा। यदि वे एक सप्ताह के भीतर अनुपालन करने में विफल रहते हैं, तो उचित कार्रवाई की जाएगी।’’
शर्मा ने बताया कि केजीएस में ‘फायर अलार्म सिस्टम’ में खामियां पाई गईं, जबकि फायर पंप भी नहीं लगाया गया है। उन्होंने कहा कि ओवरहेड वॉटर टैंक की क्षमता भी अपर्याप्त थी और कोई स्थायी अग्निशमन प्रणाली भी नहीं थी।
बार-बार कोशिश करने के बावजूद, केजीएस के अधिकारियों से टिप्पणी के लिए संपर्क नहीं हो सका।
राज्यव्यापी ऑडिट अभियान का जिक्र करते हुए शर्मा ने कहा, ‘‘दिल्ली और मुजफ्फरपुर में हाल ही में हुई आग की घटनाओं के मद्देनजर, सभी होटलों, अस्पतालों और विभिन्न संस्थानों के लिए बड़े पैमाने पर अग्नि सुरक्षा ऑडिट और जांच की जा रही है। उन्हें उचित अग्नि सुरक्षा प्रणाली स्थापित करने और अग्निशमन विभाग से प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए नोटिस जारी किए जा रहे हैं।’’
राज्यपाल सचिवालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, बिहार के 1,943 अस्पतालों में से 1,679 और राज्य के 4,020 होटलों में से 3,744 में अग्नि सुरक्षा ऑडिट और संबंधित अनुपालन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
बयान के मुताबिक, बचे हुए अस्पतालों और होटलों को सरकार द्वारा निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों और अन्य प्रावधानों का जल्द से जल्द अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
भाषा शफीक सुरेश
सुरेश