बिहार: सत्तारूढ़ राजग ने मानसून सत्र में शामिल नहीं होने पर तेजस्वी यादव की आलोचना की

Ads

बिहार: सत्तारूढ़ राजग ने मानसून सत्र में शामिल नहीं होने पर तेजस्वी यादव की आलोचना की

  •  
  • Publish Date - July 24, 2026 / 09:50 PM IST,
    Updated On - July 24, 2026 / 09:50 PM IST

पटना, 24 जुलाई (भाषा) बिहार विधानसभा के पांच दिवसीय मानसून सत्र के अंतिम दिन सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के पूरे सत्र के दौरान अनुपस्थित रहने को लेकर उनकी आलोचना की।

विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार को शुरू हुआ था और शुक्रवार को संपन्न हो गया।

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने तेजस्वी यादव की अनुपस्थिति को ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण’’ बताते हुए कहा कि इससे ‘‘विधानमंडलीय जिम्मेदारी कमजोर होती है।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सिन्हा ने कहा, ‘‘लोकतंत्र के मंदिर में सदन के नेता और नेता प्रतिपक्ष लोकतंत्र की दो आंखों के समान होते हैं। उनकी उपस्थिति से सदन का सुचारु और प्रभावी संचालन सुनिश्चित होता है। तेजस्वी यादव की अनुपस्थिति अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।’’

सिन्हा ने कहा कि उन्हें ‘‘तेजस्वी यादव के कुशलक्षेम और वह कहां हैं, इसकी चिंता है’’, लेकिन राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता भी यह नहीं बता पा रहे हैं कि वह कहां हैं।

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार ने तंज कसते हुए कहा, ‘‘नेता प्रतिपक्ष पूरे मानसून सत्र के दौरान विधानसभा नहीं आए। लगता है कि वह अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध में मध्यस्थता कराने में व्यस्त हैं।’’

नीरज कुमार ने हाल में भाजपा से विधान परिषद सदस्य बने चर्चित भोजपुरी अभिनेता एवं गायक पवन सिंह की भी सदन की कार्यवाही में अनुपस्थिति को लेकर आलोचना की थी।

हालांकि, सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद पवन सिंह विधान परिषद पहुंचे और उन्होंने विधानसभा तथा विधान परिषद के कई सदस्यों से मुलाकात की।

अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र पासवान ने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव विधानसभा सत्र में इसलिए शामिल नहीं हुए क्योंकि उन्हें राज्य के विकास की चिंता नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि नेता प्रतिपक्ष एक भी दिन विधानसभा नहीं आए। इससे स्पष्ट होता है कि उन्हें बिहार के विकास की कोई चिंता नहीं है।’’

भाजपा विधायक नीरज बबलू ने भी इसी तरह के विचार व्यक्त करते हुए तेजस्वी यादव को ‘‘पार्ट-टाइम’’ नेता बताया। बबलू ने कहा, ‘‘उन्होंने विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा नहीं लिया क्योंकि उन्हें राज्य के लोगों और उनके विकास की चिंता नहीं है। तेजस्वी यादव पार्ट-टाइम नेता हैं।’’

भाषा कैलाश आशीष

आशीष