भागलपुर से जद(यू) सांसद के समर्थकों ने पत्रकारों से मारपीट की

भागलपुर से जद(यू) सांसद के समर्थकों ने पत्रकारों से मारपीट की

भागलपुर से जद(यू) सांसद के समर्थकों ने पत्रकारों से मारपीट की
Modified Date: January 29, 2025 / 11:38 pm IST
Published Date: January 29, 2025 11:38 pm IST

भागलपुर, 29 जनवरी (भाषा) बिहार के भागलपुर जिले से जनता दल (यूनाइटेड) सांसद अजय कुमार मंडल के समर्थकों ने बुधवार को दो स्थानीय पत्रकारों के साथ कथित तौर पर मारपीट की।

पुलिस ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब कुणाल शेखर और सुमित कुमार नाम के दो पत्रकार भागलपुर हवाई अड्डे के बाहर सांसद की कार का वीडियो बना रहे थे।

इस बात से नाराज मंडल ने कथित तौर पर पत्रकारों से अपशब्द कहे जिसके बाद सांसद के समर्थकों ने दोनों पत्रकारों की कथित तौर पर पिटाई कर दी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हेलीकॉप्टर यहां उतरने की खबर सुनकर पत्रकार हवाई अड्डे पर इकट्ठा हुए थे।

बाद में इस घटना को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘घटना के संबंध में शिकायत मिली है। मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।’’

बार-बार प्रयास के बावजूद मंडल से प्रतिक्रिया के लिए संपर्क नहीं हो सका, वहीं उनकी पार्टी जद(यू) ने कहा कि लोकतंत्र में ऐसी घटनाओं के लिए कोई जगह नहीं है।

जद(यू) प्रवक्ता नीरज कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘लोकतंत्र के सभी स्तंभों का समान रूप से सम्मान किया जाना चाहिए। चूंकि वह निर्वाचित प्रतिनिधि हैं, इसलिए उन्हें धैर्य रखना चाहिए था।’’

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जद(यू) सांसद पत्रकारों से मारपीट कर रहे हैं और अपशब्द कह रहे हैं लेकिन सत्ता परस्त पत्रकारों ने बिहार में जंगलराज घोषित नहीं किया है क्योंकि भाजपा साष्टांग होकर सत्ता की मलाई चाट रही है। जब दलितों-पिछड़ों-अल्पसंख्यकों-गरीबों और वंचितों की राजनीति करने वाले क्षेत्रीय दल राज्यों में ‘ड्राइविंग सीट’ (सत्ता में) पर होते हैं तब ही मीडिया में जंगलराज का जलजला आता है। बिहार में अराजकता चरम पर है और मुख्यमंत्री अचेत है।’’

भाषा सं अनवर खारी

खारी


लेखक के बारे में