पटना, 24 अगस्त (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को राज्य के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों के लिए ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप लांच करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा व्यक्तिगत शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री कार्यालय के बयान के अनुसार यहां ‘संकल्प’ सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चौधरी ने कहा कि यह पहल बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि इस ऐप के माध्यम से विद्यार्थी जब चाहें और जहां से चाहें, अपनी पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के 38 जिलों के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों से शुरू हो रही इस व्यवस्था का सीधा लाभ लगभग तीन लाख विद्यार्थियों को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि नौवीं कक्षा से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए 24 घंटे शिक्षक उपलब्ध रहेंगे और वे अपनी आवश्यकता तथा पसंद के अनुसार शिक्षक का चयन कर अध्ययन कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि इस मंच पर 75 हजार शिक्षक विद्यार्थियों को व्यक्तिगत शैक्षणिक सहयोग प्रदान करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नौवीं और 10वीं कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए सभी विषयों की पढ़ाई तथा 11वीं और 12वीं कक्षाओं के विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को लाइव ट्यूटर सहायता के साथ बिहार बोर्ड, जेईई और नीट की तैयारी के लिए डिजिटल अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।
चौधरी ने कहा कि आधुनिक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित उपकरणों के माध्यम से विद्यार्थियों की अवधारणात्मक समझ को और बेहतर बनाया जाएगा तथा उन्हें असीमित अध्ययन और अभ्यास की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि 700 मॉडल विद्यालयों से शुरू की गई यह व्यवस्था आगे चलकर राज्य के अन्य विद्यालयों तक भी विस्तारित की जाएगी।
भाषा कैलाश
राजकुमार
राजकुमार