पटना, 24 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार को यहां गर्दनीबाग में धरने पर बैठे विद्यार्थियों से तीसरी बार मुलाकात की और कहा कि उनकी आवाज सड़क से विधानसभा तक मजबूती से उठाई जाएगी।
पिछले तीन सप्ताह से गर्दनीबाग में शिक्षक नियुक्ति अभ्यर्थी, बिहार कर्मचारी चयन आयोग (बीएसएससी) के अभ्यर्थी, पीएचडी डिग्रीधारी तथा अतिथि शिक्षक अलग-अलग शिविरों में धरना दे रहे हैं।
प्रदर्शनकारी बीपीएससी की शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई-4) के लिए एक स्तरीय परीक्षा, बीएसएससी की लंबित भर्तियां, हिंदी माध्यम के अभ्यर्थियों के लिए समान अवसर, प्राध्यापकों की नियुक्ति में यूजीसी नियमों के पालन तथा आयु सीमा में वृद्धि समेत कई मांगें उठा रहे हैं।
तेजस्वी ने विद्यार्थियों से कहा, “हम आपकी मांगों के समर्थन में मजबूती से खड़े हैं। चाहे सड़क हो या विधानसभा, हर जगह हम आपकी आवाज उठाएंगे।”
धरने पर बैठे तीन समूहों में से एक ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार मंगलवार तक सार्थक वार्ता नहीं करती है तो वह मुख्यमंत्री के सरकारी आवास का घेराव करेगा।
तेजस्वी यादव ने एक दिन पहले भी प्रदर्शनकारियों को समर्थन देते हुए मंगलवार के प्रस्तावित घेराव का समर्थन किया था।
इस बीच, पीएचडी अभ्यर्थियों ने शनिवार को बिहार लोक भवन की ओर मार्च किया था, जिसे रोकने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया था।
भाषा कैलाश
राजकुमार
राजकुमार