पटना के वीआईपी इलाके में युवक का शव मिला
पटना के वीआईपी इलाके में युवक का शव मिला
पटना, 28 जुलाई (भाषा) पटना के वीआईपी इलाके में स्थित मिलर स्कूल मैदान से मंगलवार सुबह एक युवक का शव बरामद हुआ। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
कोतवाली थाने के प्रभारी (एसएचओ) अजय कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हालांकि मृतक के सटीक उम्र की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन उसकी उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच प्रतीत होती है। हम उसकी पहचान और पृष्ठभूमि का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं।’’
उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मौत के सही कारण का पता वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मामले की आगे की जांच जारी है।
मिलर स्कूल उस इलाके में स्थित है, जहां कई विधायकों और मंत्रियों समेत अनेक विशिष्ट व्यक्तियों (वीआईपी) के सरकारी आवास हैं। जिस स्थान से शव बरामद हुआ है, उसके आसपास कई राजनीतिक दलों के कार्यालय भी स्थित हैं।
भाषा कैलाश रंजन
रंजन

Facebook


