नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही बिहार में अगली सरकार बनेगी: पीयूष गोयल

Ads

नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही बिहार में अगली सरकार बनेगी: पीयूष गोयल

  •  
  • Publish Date - September 11, 2025 / 12:58 PM IST,
    Updated On - September 11, 2025 / 12:58 PM IST

(तस्वीर सहित)

पटना, 11 सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बृहस्पतिवार को कहा कि बिहार में अगली सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही बनेगी और दावा किया कि उनके आगे कोई चेहरा टिक नहीं सकता।

बृहस्पतिवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में गोयल ने यह बात कही।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव द्वारा खुद को मुख्यमंत्री घोषित करने के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘बिहार में अगली सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही बनेगी। उनके (नीतीश के) आगे कोई चेहरा टिक नहीं सकता।’’

उन्होंने लालू परिवार और राहुल गांधी पर भी हमला बोला और उन पर बिहार व देश को पिछड़ा रखने का आरोप लगाया।

गोयल ने कहा, ‘‘देश और राज्यों में राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) की सरकार बनने के बाद तेजी से विकास हुआ है। संप्रग (संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन) सरकार के समय भारत दुनिया की पांच सबसे कमजोर अर्थव्यवस्थाओं में शामिल था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अब दुनिया की पांच सबसे मजबूत अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है।’’

उन्होंने दावा किया कि आने वाले कुछ वर्षों में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

बिहार के संदर्भ में उन्होंने कहा, ‘‘राज्य में भी यही स्थिति थी, लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजग सरकार ने सुशासन स्थापित कर तेजी से आगे बढ़ाया है।’’

विपक्ष पर निशाना साधते हुए गोयल ने कहा कि विपक्ष पूरी तरह से विफल हो चुका है।

‘वोटर अधिकार यात्रा’ का नाम लिए बिना ही उन्होंने कहा कि अब विपक्ष हार का बहाना ढूंढ रहा है।

राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘दोनों राज्य की जनता को भड़काकर गुमराह करना चाहते हैं, लेकिन जनता अब समझदार हो चुकी है। उसे विकास चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार लगातार आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार बिहार को करोड़ों रुपये की योजनाएं दे रही है। बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में बिहार के लिए ग्रीन फील्ड सड़क परियोजना और रेलवे लाइन के दोहरीकरण को मंजूरी दी गई है।’’

गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का स्पष्ट कहना है कि जब तक पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत का विकास नहीं होगा, तब तक भारत विकसित नहीं हो सकता।

उन्होंने कहा, ‘‘2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने कहा था कि उनकी सरकार गरीब, वंचित और पीड़ित वर्ग के लिए समर्पित रहेगी।’’

नेपाल की स्थिति पर पूछे गए सवाल पर गोयल ने कहा, ‘‘विदेश मंत्रालय नेपाल सरकार के संपर्क में है। मेरी भारतीय राजदूत से भी बात हुई है। एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। यदि बिहार का कोई व्यक्ति नेपाल में फंसा हुआ तो वे संपर्क कर सकते हैं।’’

उन्होंने कहा कि सभी को सुरक्षित बाहर निकाला जाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘भारत का इतिहास रहा है कि उसने युद्ध जैसी स्थिति में भी अपने नागरिकों को सुरक्षित निकाला है।’’

भारत-अमेरिका व्यापार विवाद पर उन्होंने दावा किया, ‘‘दोनों देशों के कारोबारी रिश्ते जल्द ही बेहतर होंगे। नवंबर 2025 में दोनों देशों के बीच एक नया व्यापारिक समझौता होने की संभावना है। फरवरी 2025 से ही इस दिशा में प्रतिनिधियों के बीच वार्ता जा रही है।’’

जीएसटी दरों में सुधार पर उन्होंने कहा कि इसका लाभ आम जनता के साथ-साथ पूरी अर्थव्यवस्था को मिलेगा।

गोयल ने कहा, ‘‘दरें कम होने से सभी वर्गों को राहत मिलेगी। बाजार में मांग बढ़ने से उद्योगों का विस्तार होगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।’’

भाषा कैलाश

मनीषा खारी

खारी