सत्य और अहिंसा के आगे, असत्य और हिंसा टिक नहीं सकते, संविधान की रक्षा करते रहेंगे: राहुल

Ads

सत्य और अहिंसा के आगे, असत्य और हिंसा टिक नहीं सकते, संविधान की रक्षा करते रहेंगे: राहुल

  •  
  • Publish Date - August 29, 2025 / 02:14 PM IST,
    Updated On - August 29, 2025 / 02:14 PM IST

गोपालगंज (बिहार), 29 अगस्त (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पटना में पार्टी की बिहार इकाई के कार्यालय पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन का परोक्ष रूप से हवाला देते हुए शुक्रवार को कहा कि सत्य और अहिंसा के आगे, असत्य और हिंसा टिक ही नहीं सकते तथा कांग्रेस सत्य एवं संविधान की रक्षा करती रहेगी।

राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ से संबंधित एक मंच से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दिवंगत मां के लिए अभद्र भाषा के इस्तेमाल के विरोध में भाजपा द्वारा पटना में निकाले गए मार्च के दौरान शुक्रवार को भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने दरभंगा में प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत मां के लिए अपशब्द बोले जाने की घटना के खिलाफ नारे लगाते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय सदाकत आश्रम तक मार्च निकाला।

कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने सदाकत आश्रम के अंदर तोड़फोड़ की और उसके कार्यकर्ताओं पर हमला किया।

‘वोटर अधिकार यात्रा’ निकाल रहे राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘सत्य और अहिंसा के आगे, असत्य और हिंसा टिक ही नहीं सकते। मारो और तोड़ो, जितना मारना-तोड़ना है, हम सत्य और संविधान की रक्षा करते रहेंगे। सत्यमेव जयते।’’

यात्रा का आज 13वां दिन है। यह शुक्रवार सुबह बेतिया (पश्चिमी चंपारण) से शुरू हुई और दोपहर के समय गोपालगंज पहुंची।

भाषा हक

हक मनीषा नेत्रपाल

नेत्रपाल