दरभंगा में छात्रा के साथ जमुई जैसी छेड़छाड़ की घटना, नाबालिग समेत दो आरोपी पकड़े गए

Ads

दरभंगा में छात्रा के साथ जमुई जैसी छेड़छाड़ की घटना, नाबालिग समेत दो आरोपी पकड़े गए

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 04:35 PM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 04:35 PM IST

दरभंगा, 23 सितंबर (भाषा) बिहार के दरभंगा जिले में जमुई कांड से मिलती-जुलती एक और छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। पुलिस ने दरभंगा में एक नाबालिग छात्रा से सार्वजनिक स्थान पर छेड़छाड़ के आरोप में एक नाबालिग को पकड़ा है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

जिला पुलिस द्वारा जारी बयान के अनुसार, यह घटना सोमवार को दरभंगा के कीरतपुर गांव में हुई। बयान के मुताबिक, पीड़िता स्कूल जा रही थी, तभी मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उसका दुपट्टा खींचने की कोशिश की।

छात्रा की चीख सुनकर राहगीर मौके पर पहुंचे और आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन दोनों मोटरसाइकिल से फरार हो गए।

पुलिस को सूचना मिलने के बाद जमालपुर थाने में यौन अपराधों से बाल संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने बताया कि घटना के पांच घंटे के भीतर दोनों आरोपियों का पता लगाकर उन्हें पकड़ लिया गया। 19 वर्षीय राजू सादा को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया, जबकि सह-आरोपी के नाबालिग होने के कारण उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।

इस बीच, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर दरभंगा पुलिस का बयान साझा किया।

राजद ने केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने जमुई मामले के आरोपियों को यादव समुदाय का बताया था। विपक्षी दल ने दावा किया कि दरभंगा मामले के दोनों आरोपी मांझी के सामाजिक समूह से आते हैं।

राजद ने यह भी आरोप लगाया कि जिस तरह मांझी ने जमुई के आरोपियों को तेजस्वी यादव का ‘‘भाई’’ बताया था, उसी तर्ज पर दरभंगा के आरोपियों को केंद्रीय मंत्री (मांझी) का ‘‘बेटा’’ कहा जा सकता है।

भाषा कैलाश शफीक

शफीक