काकामिगाहारा (जापान), 23 सितंबर (भाषा) गत चैंपियन भारतीय टीम ने एशियाई खेलों में अपने अभियान की शानदार शुरूआत की और अब बृहस्पतिवार को पूल ए के तीसरे मैच में उसका सामना दक्षिण कोरिया से होगा जो उसके लिए पहली कड़ी चुनौती होगा।
भारत ने अपने शुरुआती मुकाबलों में इंडोनेशिया को 13-1 और श्रीलंका को 16-1 से शिकस्त दी। हालांकि कोरिया के खिलाफ आगामी मुकाबला आसान नहीं है जिसके बाद उसे जापान और बांग्लादेश से खेलना है। 12 टीम की एशियाई खेल हॉकी प्रतियोगिता में प्रत्येक पूल से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी।
हाल में नीदरलैंड और बेल्जियम में हुए एफआईएच विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन से आठवें स्थान पर रहने वाली भारतीय टीम उस अनुभव को पीछे छोड़कर यहां स्वर्ण पदक जीतना चाहेगी। स्वर्ण पदक जीतने पर भारत 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई कर जाएगा।
स्ट्राइकर दिलप्रीत सिंह शानदार फॉर्म में हैं और सात मैदानी गोल करने के साथ भारत के लिए सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में सबसे आगे हैं जबकि ड्रैग-फ्लिकर जुगराज सिंह भी श्रीलंका के खिलाफ चार गोल करके उनसे पीछे दूसरे स्थान पर हैं।
करिश्माई स्ट्राइकर अभिषेक ने भी श्रीलंका के खिलाफ हैट्रिक लगाकर अपना हुनर दिखाया है।
दुनिया की आठवें नंबर की भारतीय टीम आत्मविश्वास से लबरेज है जबकि मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने सुधार की गुंजाइश वाले विभाग खासकर पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने की क्षमता पर ध्यान दिया है क्योंकि पिछले मैच में श्रीलंका के ख़िलाफ़ उन्हें 12 में से सिर्फ पांच पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने में कामयाबी मिली थी।
भारतीय टीम पूल में सबसे मजबूत टीम लग रही है, लेकिन चिंता की बात उनकी रक्षात्मक पंक्ति है जिसे अभी तक कड़ी चुनौती नहीं मिली है। इंडोनेशिया और श्रीलंका के खिलाफ मैच में उन्होंने सिर्फ एक-एक गोल खाया है।
भले ही कोरिया की रैंकिंग भारत से काफी नीचे 21वें नंबर पर हो, लेकिन चार बार एशियाई खेलों की चैंपियन और पिछले टूर्नामेंट में कांस्य पदक जीतने वाली इस टीम में उलटफेर करने की काबिलियत है।
फुल्टन को इस चुनौती का अच्छी तरह पता है, उन्होंने कहा था, ‘‘विश्व कप के दौरान जो हुआ, उसे देखते हुए हम जानते हैं कि इस टूर्नामेंट में हमें किन चीजों पर अधिक ध्यान देना है। हम इन्हें सुधारने पर ध्यान दे सकते हैं और एक टीम के तौर पर उन्हें लागू कर सकते हैं। ’’
कोरिया के बाद भारत शनिवार को मेजबान और पिछली बार के रजत पदक विजेता जापान का सामना करेगा। फिर 28 सितंबर को बांग्लादेश के खिलाफ खेलकर अपने पूल के मैच पूरे करेगा।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर