योजनाओं की निगरानी में एआई का उपयोग करें विभाग: सम्राट चौधरी
योजनाओं की निगरानी में एआई का उपयोग करें विभाग: सम्राट चौधरी
पटना, 13 मई (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) का महत्व लगातार बढ़ रहा है और इसकी उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग अपनी योजनाओं की निगरानी में इसका उपयोग करें, इससे पारदर्शिता बढ़ेगी।
उन्होंने राज्य के सभी जिलों में एआई के उपयोग के लिए जिलावार कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश भी दिया।
मुख्यमंत्री ने यहां सूचना एवं जन-संपर्क विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि सोशल मीडिया मंचों पर यदि कोई तथ्यहीन, भ्रामक अथवा नकारात्मक खबर प्रसारित होती है, तो उसका पूर्ण तथ्यों के साथ तत्काल खंडन किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा कि आधारभूत संरचना के विकास के साथ-साथ बेहतर कानून-व्यवस्था तथा लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी व्यापक कार्य किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में छोटे-छोटे उद्योग स्थापित किए गए हैं, जिनका लाभ लोगों को मिलने लगा है।
उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यों और क्रियान्वित योजनाओं की जानकारी लोगों तक त्वरित और प्रभावी ढंग से पहुंचनी चाहिए तथा लोगों के फीडबैक, सुझाव और शिकायतों पर भी सतत निगरानी रखी जानी चाहिए।
भाषा कैलाश राजकुमार
राजकुमार

Facebook


