LIVE UPDATE : लोकसभा चुनाव 2019 : 20 राज्यों की 91 सीटों पर मतदान, जानिए किन सीटों पर कब तक होगा मतदान

LIVE UPDATE : लोकसभा चुनाव 2019 : 20 राज्यों की 91 सीटों पर मतदान, जानिए किन सीटों पर कब तक होगा मतदान

LIVE UPDATE :  लोकसभा चुनाव 2019 : 20 राज्यों की 91 सीटों पर मतदान, जानिए किन सीटों पर कब तक होगा मतदान
Modified Date: November 29, 2022 / 08:52 pm IST
Published Date: April 11, 2019 2:04 am IST

रायपुर | 17वीं लोकसभा के लिए हो रहे आम चुनावों के लिए आज पहले चरण का मतदान चल रहा है। पहले चरण में देश के 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। चुनाव आयोग के निर्देश पर मतदान वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है। आज मतदाता इन 91 सीटों पर 1279 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।

बता दें कि 2014  के लोकसभा चुनाव में इन 91 सीटों में भाजपा ने 32 जबकि कांग्रेस ने 7 सीटें जीती थीं। जबकि 2009 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने इनमें से 7 और कांग्रेस ने 55 सीटों पर कब्जा किया था।

राज्यों में मतदान का समय

उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप वो राज्य हैं जिनमें सुबह 7 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक वोटिंग होनी है। आंध्र प्रदेश में भी वोटिंग का समय 7 बजे से 6 बजे तक ही है। लेकिन आंध्र प्रदेश की एक सीट अराकू लोकसभा सीट पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक ही वोटिंग होगी। अराकू लोकसभा सीट के इलाकों वैली और पडेरु में वोटिंग का टाइम सुबह 7 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक ही है।

उत्तराखंड में वोटिंग का टाइम सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक है। इसके अलावा ओडिशा, बिहार, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और महाराष्ट्र में भी पहले चरण में वोटिंग हो रही है। इन राज्यों की भी अधिकतर सीटों पर वोटिंग का समय सुबह 7 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक ही रहेगा। पर कुछ सीटें ऐसी भी हैं जिन पर शाम 5 बजे तक ही वोटिंग होगी।

छत्तीसगढ़ के बस्तर में मतदान का समय

नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण बस्तर लोकसभा सीट के दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर और कोंटा में दो घंटे कम मतदान होगा। इन क्षेत्रों में मतदान का समय सुबह 7:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। हालांकि, इसी लोकसभा क्षेत्र के जगदलपुर, कोंडागांव, बस्तर और चित्रकूट क्षेत्र में अन्य जगहों की तरह ही सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक मतदान किया जा सकेगा।

इन राज्यों की इतनी सीटों पर मतदान

पहले चरण में 11 अप्रैल को आंध्र प्रदेश की 25, अरुणाचल प्रदेश की दो, मेघालय की एक, उत्तराखंड की पांच, मिजोरम की एक, नागालैंड की एक, सिक्किम की एक, लक्षद्वीप की एक, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह की एक और तेलंगाना की 17, असम की पांच, बिहार की चार, छत्तीसगढ़ की एक, जम्मू-कश्मीर की दो, महाराष्ट्र की सात, मणिपुर की एक, ओडिशा की चार, त्रिपुरा की एक, उत्तर प्रदेश की आठ और पश्चिम बंगाल की दो सीटों लोकसभा सीटों के लिए मतदान होगा। 23 मई को 2019 लोकसभा चुनाव के नतीजे आएंगे।


लेखक के बारे में