एबीबी भारत में इस साल करेगी 7.5 करोड़ डॉलर का अतिरिक्त निवेश
एबीबी भारत में इस साल करेगी 7.5 करोड़ डॉलर का अतिरिक्त निवेश
नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) विद्युतीकरण और स्वचालन क्षेत्र की कंपनी एबीबी ने भारत में अपने विनिर्माण आधार और शोध एवं विकास (आरएंडडी) क्षमता के विस्तार के लिए वर्ष 2026 में 7.5 करोड़ डॉलर का अतिरिक्त निवेश करने की सोमवार को घोषणा की।
कंपनी ने बयान में कहा कि वर्ष 2025 में किए गए 3.5 करोड़ डॉलर से अधिक के निवेश के साथ यह अतिरिक्त राशि भारत में उसकी ‘लोकल-फॉर-लोकल’ रणनीति को और मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम है।
एबीबी ने कहा कि भारत में बेचे जाने वाले उसके लगभग 85 प्रतिशत उत्पाद और समाधान देश में ही निर्मित किए जाते हैं। नया निवेश कंपनी के विद्युतीकरण, गति प्रौद्योगिकी और स्वचालन कारोबार क्षेत्रों में वृद्धि का समर्थन करेगा।
एबीबी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मॉर्टेन वाइरॉड ने कहा, ‘‘भारत हमारे सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में से एक है और यह निवेश बुनियादी ढांचे के विकास और औद्योगिक वृद्धि को समर्थन देने की कंपनी की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।’’
कंपनी के अनुसार, इन निवेश के तहत इंजीनियरिंग, परिचालन और अनुसंधान क्षेत्रों में करीब 300 नए कुशल रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।
वर्ष 2025 में एबीबी का भारत में राजस्व 1.5 अरब डॉलर से अधिक रहा, जो समूह के कुल राजस्व का लगभग चार प्रतिशत है।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय

Facebook


